‘यश चोपड़ा’ मतलब पंजाब के मिट्टी की खुशबू परदे पर उतारने वाली शख्सियत

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : आपने साल 2004 में आई फिल्म ‘वीर-ज़ारा’ का गाना ‘ऐसा देश है मेरा’ सुना होगा। इस गाने में पंजाब की धरती,…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : आपने साल 2004 में आई फिल्म ‘वीर-ज़ारा’ का गाना ‘ऐसा देश है मेरा’ सुना होगा। इस गाने में पंजाब की धरती, इस धरती में बसने वाली मोहब्बत की खुशबू को ऐसे दिखाया गया था कि आज भी आप इस गाने को देखकर मुस्कुरा देंगे। आखिर क्या वजह थी कि बॉलीवुड की मेनस्ट्रीम फिल्म बनाने वाला एक डायरेक्टर इतनी संजीदगी से पंजाब को अपनी फिल्मों में महसूस करता था। दरअसल, पार्टिशन के बाद उस शख्स का परिवार पाकिस्तान से पंजाब के लुधियाना आ गया था। उस शख्स का नाम था यश चोपड़ा, घरवाले चाहते थे वो इंजीनियरिंग करे, लेकिन उनको पंजाब से मोहब्बत थी। इंजीनियरिंग नहीं की, पहुंच गए सीधे बंबई (अब मुंबई), पंजाब छूट गया लेकिन दिल में पंजाब की याद हमेशा तड़पती रही। यह रह-रहकर उनकी फिल्मों में दिखाई भी देता रहा।बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री को यश चोपड़ा से अलग करके देखना बेमानी होगा। भले ही यश चोपड़ा ने फिल्में डायरेक्ट या प्रोड्यूस की हो, मोहब्बत उनकी फिल्मों की मेन थीम थी। और कहा जाता था कि रोमांटिक फिल्म बनाने में यश चोपड़ा का कोई सानी नहीं था और इस बात का प्रमाण उनकी फिल्मों को देखकर भी मिलता है। लेकिन यश चोपड़ा ऐसी शख्सियत थी, जिसने रोमांटिक के साथ दूसरी जोनर की फिल्में भी उतनी ही शिद्दत से बनाई, जितनी शिद्दत से वो पंजाब की धरती से प्यार करते थे। साल 1959 में यश चोपड़ा ने सामाजिक मुद्दे पर झकझोर देने वाली फिल्म ‘धूल का फूल’ से बॉलीवुड में शानदार आगाज किया। 1961 में उन्होंने ‘धर्मपुत्र’ फिल्म का निर्देशन किया और बॉलीवुड को बता दिया कि शो मैन का शब्द उन्हीं के लिए गढ़ा गया है। 1975 में यश चोपड़ा ने ‘दीवार’ फिल्म से अमिताभ बच्चन की एंग्री यंग मैन की छवि गढ़ दी, जो आज भी अमिताभ के नाम के साथ जुड़ा हुआ है।

‘वक्त’, ‘मशाल’, ‘त्रिशूल’, ‘दाग’ जैसा फिल्मों से यश चोपड़ा ने कर्मिशियली सक्सेस हासिल करने के साथ ही मसाला फिल्मों का एक नया दौर शुरू किया। यशराज बैनर्स बनाया और जिंदगी की हर सांस फिल्म निर्माण से जोड़े रखा। करीब पांच दशकों तक बॉलीवुड के रास्ते सिनेप्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले यश चोपड़ा के बारे में कहा जाता था कि ‘वो एक्टर के डायरेक्टर थे।‘ वो किरदार खुद गढ़ते और परदे पर उतार देते थे। मोहब्बत उनका सबसे पसंदीदा सब्जेक्ट रहा। उनकी फिल्मों में किरदार कोई भी हो, बस, वो यश चोपड़ा के इशारे पर अपना काम करते जाता था। साल 1981 की फिल्म ‘सिलसिला’ ना सिर्फ यश चोपड़ा बल्कि अमिताभ बच्चन, रेखा, जया बच्चन के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। अमिताभ की निजी जिंदगी की उथल-पुथल को यश चोपड़ा ने पूरी ईमानदारी से परदे पर उतारा था।

‘लम्हे’ (1991) और ‘डर’ (1993), दोनों अलग टेस्ट और जॉनर की फिल्में थीं, मोहब्बत का किरदार अलग था, लेकिन लैंडमार्क मूवी बन गई। ‘डर’ से बॉलीवुड को शाहरूख खान जैसा एक्टर मिला। शायद यश चोपड़ा ना होते तो शाहरूख खान भी नहीं होते। यश चोपड़ा को तमाम पुरस्कार मिले, सम्मान मिला, रूतबा मिला। लेकिन उनका दिल पंजाब की धरती में धड़कता रहा। उनको पंजाब की धरती से दूर रहने का गम तो रहा, हालांकि खुशी रही कि फिल्मों में सफेद बर्फ से बिछी चोटियों और चिनार के लंबे-लंबे पेड़ के बीच पंजाब के सीने में बसा मोहब्बत वाला दिल हमेशा धड़कता रहा। 2012 में यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जब तक है जान’ में भी इसे देखा जा सकता है। आज भी यश चोपड़ा का नाम होठों पर आए तो एक गाना बरबस याद आ जाता है ‘नीला आसमान सो गया।’ शायद यश चोपड़ा के जाने के बाद सचमुच में ‘नीला आसमान सो गया’ है।

(यश चोपड़ा : जन्म 27 सितंबर 1932, मृत्यु 21 अक्टूबर 2012)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *