हरियाणा मे बनेगा विश्व का सबसे बड़ा संत रविदास मंदिर

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जननायक जनता पार्टी द्वारा प्रदेश की जनता से किया गया एक और बड़ा वादा पूरा करने की दिशा में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जननायक जनता पार्टी द्वारा प्रदेश की जनता से किया गया एक और बड़ा वादा पूरा करने की दिशा में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। जेजेपी द्वारा विधानसभा चुनाव में जारी किए गए “जन सेवा पत्र” (घोषणा पत्र) के मुताबिक संत रविदास जी का कुरुक्षेत्र जिले में सबसे बड़ा भव्य मंदिर बनाने के वादे पर प्रदेश की बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है।

JJp-BJP

प्रदेश सरकार संत रविदास जी का धाम धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बनाने जा रही है। यह मंदिर विश्व का सबसे बड़ा संत रविदास मंदिर होगा और इसके निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने पांच एकड़ जमीन देने का निर्णय लिया है। वहीं उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसी 2 फरवरी को कलायत में संत शिरोमणी गुरु रविदास सभा द्वारा 643वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में संत रविदास जी का कुरुक्षेत्र जिले में सबसे बड़ा भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की थी।

बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार के इस फैसले का जेजेपी नेताओं ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का विशेष रूप से आभार जताया। गुहला से जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि महान संत रविदास जी ने सदैव मानव हित में अपने जीवन को समर्पित कर समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का कार्य किया था। उन्होंने कहा कि ऐसे महान संत की स्मृति में  प्रदेश सरकार ने कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर उनका भव्य मंदिर बनाने का फैसला लिया है जो कि ऐतिहासिक है।  

वहीं बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार में राज्य मंत्री अनूप धानक ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जारी जेजेपी के “जन सेवा पत्र” (घोषणा पत्र) में यह वादा क्रमांक नंबर 69 और अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग से किए गए वादों में सबसे पहले स्थान पर है। नरवाना से जेजेपी विधायक रामनिवास वाल्मीकि ने कहा कि जिस तरह से जननायक चौधरी देवीलाल छत्तीस बिरादरी के लोगों को एक साथ लेकर चलते थे, उसी तरह प्रदेश की बीजेपी-जेजेपी के गठबंधन की सरकार और उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी प्रदेश में छत्तीस बिरादरी का एक सम्मान विकास कर रहे है। वहीं शाहाबाद से जेजेपी विधायक रामकरण काला ने खुशी जाहिर की कि जिस भव्य मंदिर का निर्माण होगा वो उनके गृह जिले धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हो रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *