विश्व हेपेटाइटिस दिवस: पी.आई.एल.बी.एस. मोहाली द्वारा कल विशेष लिवर हेल्थ कैंप आयोजित, प्रमुख जांचें मात्र 1000 रूपये में उपलब्ध

चंडीगढ़/मोहाली, 27 जुलाई: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर लिवर की देखभाल के लिए राज्य की प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी संस्था पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड…

चंडीगढ़/मोहाली, 27 जुलाई: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर लिवर की देखभाल के लिए राज्य की प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी संस्था पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलेरी साइंसेज़ (पी.आई.एल.बी.एस.), मोहाली द्वारा 28 जुलाई, 2026 (मंगलवार) को प्रातः 9 बजे से संस्थान के ओपीडी परिसर में एक व्यापक लिवर हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष की वैश्विक थीम “लेट्स ब्रेक इट डाउन” को ध्यान में रखते हुए इस कैंप का उद्देश्य आम जनता के लिए लिवर संबंधी आधुनिक जांच सुविधाओं को सुलभ और किफायती बनाना है।

पी.आई.एल.बी.एस. के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस विशेष पहल के तहत विशेषज्ञ हेपेटोलॉजिस्ट के परामर्श सहित प्रमुख लिवर जांचें—जिनमें फाइब्रोस्कैन, अल्ट्रासाउंड, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), रीनल फंक्शन टेस्ट (आरएफटी), यूरिन रूटीन माइक्रोस्कोपी तथा हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की स्क्रीनिंग शामिल हैं—मात्र ₹1000 में उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉ. वीरेंद्र सिंह ने आम लोगों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए प्रदेशभर के नागरिकों से कैंप में पहुंचकर अपनी सेहत को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “यह कैंप केवल लिवर रोग से पीड़ित मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए है जो यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उसका लिवर पूरी तरह स्वस्थ है।”

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि रोग की समय रहते पहचान और नियमित जांच लिवर की गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में किसी प्रकार के लक्षण दिखाई नहीं देते, उनके लिए भी समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *