Sirsa Para Throwball Champion:
सिरसा के शेरपुरा में खिलाड़ी सुरेन्द्र कुमार ने विकलांगता को मात देते हुए इंडोनेशिया में आयोजित इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। इससे न केवल अपने गांव बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित हुई। इसमें विभिन्न देशों की टीमों ने भाग लिया।
इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक-
कड़े मुकाबलों के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सुरेन्द्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 23 फरवरी को आयोजित फाइनल मुकाबले में सुरेन्द्र कुमार ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही गांव शेरपुरा में यह समाचार पहुंचा, ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर और पटाखे चलाकर जश्न मनाया।
गांवों में जोरदार स्वागत-
सुरेन्द्र कुमार अपने गांव लौटे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ कोच धर्मवीर टाक भी मौजूद थे। सिरसा में प्रवेश के दौरान भावदीन टोल प्लाजा पर गांव के सरपंच मुकेश इंदौलिया सहित अनेक युवाओं ने बुके देकर उनका अभिनंदन किया। डीजे की धुनों पर युवा झूमते नजर आए और पूरे उत्साह के साथ काफिले को गांव तक लेकर आए। रास्ते में गांव कुशुंभी में भी ग्रामीणों ने काफिले को रोककर सुरेन्द्र कुमार का जोरदार स्वागत किया। गांव पहुंचने पर गौशाला परिसर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सफलता क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा-
कोच धर्मवीर सिंह , मुकेश इंदोरा सरपंच और ग्रामीण रमेश ने कहा कि सुरेन्द्र कुमार ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सुरेन्द्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी प्रकार देश का नाम रोशन करते रहेंगे।



