न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अमृतसर के ट्रपई गांव में एक महिला की मौत पर रहस्य गहराता जा रहा है। महिला के मायके वालों ने उसके पति समेत अन्य पर हत्या और शव के अंतिम संस्कार का आरोप लगाया है। मृतका राजविंद्र कौर के पिता सरबजीत ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2007 को बेटी की शादी ट्रपई के गुरलाल सिंह से कराई थी। शादी के बाद दंपत्ति अक्टूबर 2008 में ऑस्ट्रेलिया चले गए। वहां भी दोनों आपस में झगड़ते थे। नवंबर 2015 को राजविंद्र वापस आ गई जबकि सितंबर 2017 में गुरलाल भी लौट गया।
2 अक्टूबर को गुरलाल ने फोन करके जानकारी दी कि राजविंद्र की तबियत खराब है। जब मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो गई है। उनको बताए बिना ससुराल वालों ने राजविंद्र का अंतिम संस्कार करा दिया। पुलिस ने मृतका राजविंद्र के पिता की शिकायत पर पति गुरलाल सिंह, ससुर करनैल सिंह, सास कुलवंत कौर, जेठ गुरदेव सिंह, जेठानी कर्मजीत कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस को पता नहीं चला है कि आखिर हत्या का कारण क्या था।
