ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: करीब 40 घंटे जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्नाव रेप पीड़िता हमेशा के लिए मौत की नींद सो गई। जहां हैदराबाद में एनकांउटर के बाद देश में जश्न का माहौल है, वहीं रेप पीड़िता की मौत के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
वहीं बेटी की मौत के बाद परिवार सदमे में है। मां का कहना है कि हमारी बेटी को इंसाफ चाहिए, हमे जान के बदले जान चाहिए। पिता का कहना है कि, परिवार को एक पैसा नहीं चाहिए। बस, मेरी बेटी को इंसाफ मिले। मौत का बदला सिर्फ मौत होता है। गुनहगारों को बगैर देर किए फांसी मिले या उन्हें दौड़ाकर गोली मार दी जाए।
उन्होंने बिलखते हुए कहा कि, परिवार को आरोपी सरेआम जान से मारने की धमकी सरेआम देते थे। कई बार यह भी कहा कि केस वापस नहीं लिया तो परिवार और बेटी को आग लगा देंगे। पुलिस को इसकी जानकारी दी, लेकिन वे हर बार टालमटोल करते रहे। बेटी की मौत की खबर अखबार से मिली। पुलिस या प्रशासन का कोई आदमी यह बताने नहीं आया। हमारे विधायक ने भी कोई खैरख्वाह नहीं ली।


