अंबाला 3 जुलाई
हरियाणा में बिजली निगम के कर्मचारी मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव करने अंबाला कैंट पहुंचे और उनके नाम के मुर्दाबाद के नारे लगाए।ठीक उसी वक्त एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला जिससे पूरा माहौल बदल गया। ऊर्जा मंत्री अनिल विज खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और अपने नाम के मुर्दाबाद के नारे लगवाने लगे। मंत्री विज ने कर्मचारियों कहा कि -आप मेरे मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा।
इससे पहले जब कर्मचारी मंत्री के घर की तरफ पैदल मार्च कर रहे थे, तभी विज का काफिला उनके पास से गुजरा।मंत्री ने गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर पैदल चलने लगे। इस दौरान कर्मचारी सरकार और मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। साथ ही हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, कह रहे थे। इस पर मंत्री बोले- हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है और अनिल विज तुम्हारा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है।
जब मंत्री विज कर्मचारियों के बीच पहुंचे तो जो कर्मचारी अनिल विज मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे वही कर्मचारी अनिल विज जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
अनिल विज ने कर्मचारियों को संबोधित किया और कहा कि वह अपने भाई की बीमारी के कारण PGI थे इसलिए नहीं आ सके लेकिन आप भी मेरे भाई हो लिहाजा मुझे आना पड़ा । अनिल विज ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि अगले 15 से 20 दिनों में वह उन्हें चिट्ठी भेज कर बुलाएंगे और चंडीगढ़ मे विभाग के आला अधिकारियों के साथ आमने सामने बिठाकर उनकी सभी जायज मांगों को पूरा करने का भरसक प्रयास करेंगे।
अन्य ख़बरें जानें-




