उतराखंड, 17 नवंबर
उतराखंड में दो भीषण सड़क हादसे हुए। ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस पुल से 100 मीटर करीब नीचे नदी में गिर गई। दूसरे हादसे में देर रात रूद्रप्रयाग जिले में बारातियों से भरी बोलेरो कार गहरी खाई में गिर गई। दोनों हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हुए हैं। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुल से नीचे गिरी बस
उतराखंड में पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ। जहां पर हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही बस अनिंयत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। बस में कुल 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में कुल 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और एक यात्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 26 लोग घायल हुए हैं, जिसमें तीन साल की मासूम भी शामिल है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन, SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
रूद्रप्रयाग में बारातियों से भरी बोलेरो खाई में गिरी
देर रात रूद्रप्रयाग जिले में शादी समारोह में शामिल होकर वापिस लौट रहे बोलेरो अनियंत्रित होकर 500 मीटर खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। जिसमें से 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, DDRF और प्रशासन मौके पर पहुंचा। अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दोनों हादसों के बाद प्रशासन औऱ पुलिस की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।फिलहाल प्रशासन द्वारा दोनों वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सफर की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए है।





