अमृतसर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े दो व्यक्ति 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

चंडीगढ़/अमृतसर, 23 अगस्त: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी…

चंडीगढ़/अमृतसर, 23 अगस्त: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और 10 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन, के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में नौ 9-एमएम पिस्तौलें और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। हथियार बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी ग्रे रंग की मोटरसाइकिल बजाज प्लेटिना (पी.बी.-38-सी-1658), जिसका उपयोग खेपों की ढुलाई के लिए किया जाता था, भी जब्त कर ली है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश स्थित हैंडलर के संपर्क में थे और पंजाब में अन्य पक्षों को आगे आपूर्ति करने के लिए सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे।

कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध, जिनकी पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, ने अपने विदेश स्थित हैंडलर के निर्देशों पर भारत-पाकिस्तान सीमा बाड़ के निकट गांव हवेलियां के क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से हथियारों की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को आपूर्ति करने जा रहे थे। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अमृतसर-अटारी जी.टी. रोड पर गांव खासा के निकट क्षेत्र से 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और जिंदा कारतूसों सहित दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की पहचान करने और सीमा पार से तस्करी के व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पूरी तरह से आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने हेतु आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम की धाराएं 25, 25 (1)(ए) और 25 (8) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफ.आई.आर. संख्या 51 दिनांक 22-08-2026 दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *