अमृतसर ग्रामीण और तरनतारन में दो दिवसीय विशेष तलाशी अभियान चलाया; 16 किलो हेरोइन और 3 पिस्तौल सहित 300 व्यक्ति काबू

चंडीगढ़, 19 नवंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशों को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से…

चंडीगढ़, 19 नवंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशों को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से अमृतसर ग्रामीण और तरनतारन जिलों में दो दिवसीय विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कासो) चलाया गया।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशों पर मंगलवार और बुधवार को चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशों तथा अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाना और समाज विरोधी तत्वों पर कड़ी नजर रखना था। संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से इस अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे।

इस दो दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 361 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करते हुए 300 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 16.7 किलोग्राम हेरोइन, 800 ग्राम अफीम, 5,450 रुपये की ड्रग मनी और तीन पिस्तौल बरामद की हैं।

विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा, जो स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे थे, ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करके उसे पूरी तरह ध्वस्त करना है। इसमें अपराधियों, उनके सहयोगियों, सप्लायरों, नशे की खेप प्राप्त करने वालों, आर्थिक सहायता देने वालों और उन्हें पनाह देने वालों की पहचान करने के साथ-साथ ऐसे आरोपियों के छिपने के ठिकानों का पता लगाना तथा कानून के अनुसार वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करना शामिल है।

विशेष डीजीपी ने बताया कि विशेष तलाशी अभियान जारी रहेंगे और प्रदेश के शेष जिलों में भी इन्हें चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए प्रत्येक जिले को अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध करवाया जाएगा।

इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 628वें दिन भी जारी रखा। आज 146 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 30.5 किलोग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम अफीम, 315 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 6,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही, पिछले 628 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 93,906 हो गई है। नशामुक्ति प्रयासों के तहत पंजाब पुलिस ने आज 16 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी राजी किया है।

इसके अतिरिक्त, ‘गैंगस्टरां ते पर वार’ अभियान भी 303वें दिन जारी रहा। इसके तहत पुलिस टीमों ने छह हथियारों सहित 265 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 85,349 हो गई है। इसके अलावा 234 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 65 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने इस अभियान के दौरान चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *