न्यूज़ डेस्क/लिविंग इंडिया : वो अंतिम समय में भाग सकता था, लेकिन दिल में फ़र्ज़ था और सामने ट्रक की शक्ल में मौत। उसने फ़र्ज़ को चुना और अपनी ज़िंदगी दांव पर लगा दी। हम बात कर रहे हैं पंजाब के फ़िरोज़पुर में रविवार को हुए हादसे में मारे गए ट्रेन ड्राइवर विकास की। इस खौफनाक हादसे में ट्रक का ड्राइवर बच गया, वहीं ट्रेन चालक की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना मानवरहित रेलवे फाटक पर हुई, जिसमें कई यात्रियों को भी चोटें आई।
दरअसल, घटना के बाद जब कारणों की जांच शुरू की गई तो पता चला कि ट्रेन के ड्राइवर विकास ने आखिरी समय तक बहादुरी का परिचय दिया था। विकास ने जब तेज़ रफ़्तार ट्रक को आते देखा तो इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। आखिरी सांस तक वो इमरजेंसी ब्रेक लगाए रखा। वो चाहता तो भाग सकता था। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और ट्रेन में सवार मुसाफिरों को बचाने के लिए अपनी जान को कुर्बान कर दिया। जबकि ट्रक ड्राइवर भाग गया था।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता नीरज शर्मा ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है, उन्होंने बताया कि ड्राइवर विकास ने बहादुरी का परिचय दिया। वो चाहते तो जान बचाकर भाग सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। ट्रेन में सवार यात्रियों की सलामती के लिए उन्होंने आखिरी समय तक इमरजेंसी ब्रेक लगाए रखी। लेकिन उनकी जान चली गई, रेलवे ने इस घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं।

