इंद्री, 25 अगस्त
इंद्री से हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निकले 50 से अधिक श्रद्धालुओं से भरा ट्रक मंगलवार सुबह ऊना जिले में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। पीर निगाह दरबार में माथा टेकने के बाद श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
मोड़ पर बिगड़ा ट्रक का संतुलन
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा पीर निगाह से करीब दो किलोमीटर आगे उतराई और मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सड़क से नीचे खाई में पलट गया। ट्रक के खाई में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में महिलाएं, पुरुष और बच्चे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल हुए हैं।
राहगीरों और श्रद्धालुओं ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों, राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। खाई में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इसके बाद एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया।
अस्पताल पहुंचते ही मचा हड़कंप
एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे की खबर जैसे ही इंद्री क्षेत्र में पहुंची, श्रद्धालुओं के परिवारों में चिंता और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
इंद्री में अपनों की सलामती के लिए दुआएं
हादसे की सूचना के बाद इंद्री और आसपास के गांवों में लोग अपने परिचितों और परिजनों की कुशलता जानने के लिए लगातार संपर्क करते रहे। धार्मिक यात्रा पर निकले लोगों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
अन्य खबरें जानें-



