बरनाला,21 अगस्त
बरनाला-मानसा नेशनल हाईवे पर हंडियाया के पास बीती रात करीब साढ़े 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में 22 वर्षीय युवक हरमल सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त मनप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार तीसरा युवक हरप्रीत सिंह बाल-बाल बच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त शॉपिंग करने के बाद ऑल्टो कार में सवार होकर अपने गांव रूड़ेके कलां लौट रहे थे। इसी दौरान मानसा की तरफ से बरनाला की ओर आ रही पराली से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार सड़क सुरक्षा फोर्स और एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन करीब 25 मिनट तक कोई मदद मौके पर नहीं पहुंची,इसके बाद लोगों ने घायलों को निजी एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक हरमल सिंह की इलाज से पहले ही मौत हो गई। वहीं मनप्रीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरनाला से लुधियाना के DMC अस्पताल रेफर किया गया है। तीसरा युवक हरप्रीत सिंह सुरक्षित बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में सड़क सुरक्षा फोर्स और एंबुलेंस के देरी से पहुंचने को लेकर काफी रोष देखने को मिला।इस मामले में हंडियाया पुलिस चौकी के प्रभारी ASI तरसेम सिंह ने बताया कि हादसे में हरमल सिंह पुत्र केवल सिंह निवासी रूड़ेके कलां की मौत हुई है, जबकि मनप्रीत सिंह पुत्र जगसीर सिंह गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज DMC लुधियाना में चल रहा है। तीसरा युवक हरप्रीत सिंह पुत्र जगतार सिंह सुरक्षित बच गया है।
पुलिस ने हरप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
अन्य खबरें जानें –
महेंद्रगढ़ में कुई की खुदाई के दौरान गिरी दीवार, मिट्टी के नीचे दबने से मजदूर की मौत

