झज्जर,29 अगस्त
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ यूनिट ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर गिरोह के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। STF ने एक गुप्त सूचना के आधार पर दादरी-भिवानी रोड पर लोहारू फीडर के पास नाकेबंदी कर ब्रेजा कार सवार तीन बदमाशों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े एक वकील को भी दादरी से गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ बिट्टू, भवानी चरखी और रितिक (निवासी पिलानी, राजस्थान) के तौर पर हुई है। STF के DSP नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों पर पहले भी केस दर्ज हैं।
गिरफ्तार तीनों बदमाशों से शुरुआती पूछताछ के आधार पर STF ने दादरी की प्रोफेसर कॉलोनी में छापेमारी कर सिद्धार्थ नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। सिद्धार्थ पेशे से वकील है और इस गिरोह के संपर्क में था। वकील सिद्धार्थ से 1 ‘ग्लोक’ 9 एमएम पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
वहीं ब्रेजा सवार तीनो बदमाशो से 3 विदेशी पिस्तौल, 7 मैगजीन और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। STF के DSP नरेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये सभी आरोपी रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर सिंडिकेट के लिए काम करते हैं। विदेश में बैठा गैंगस्टर नवीन बॉक्सर इन आरोपियों तक आधुनिक विदेशी हथियार पहुंचा रहा था। ये आरोपी गैंग के लिए नए लड़कों को जोड़ने (रिक्रूटमेंट) और हथियार सप्लाई करने का काम संभालते थे।
DSP ने बताया कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियारों की यह खेप किसे डिलीवर की जानी थी और निशाने पर कौन था ?
अन्य खबरें जानें –



