न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में रहने वाले 26 साल के शानू बाबर ने एक अनोखी यात्रा शुरू की है। इसका नाम उन्होंने #TheWindowSeatProject रखा है। क्राउड फंडिंग से इस प्रोजेक्ट को चला रहे शानू ट्रेन पर सवार होकर भारत को देख रहे हैं और साथ खूबसूरत तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
दरअसल, मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले शानू पांच साल की उम्र में पहली बार ट्रेन पर सवार हुए थे। यह अनुभव इतना शानदार लगा कि उन्होंने बड़े होकर ट्रेन से देश घूमने का फैसला लिया।
एक निजी संस्थान से मीडिया और मास कम्युनिकेशन के स्टूडेंट शानू आज उसी सपने को जी रहे हैं। शानू फिलहाल सेकेंड ईयर के स्टूडेंट और अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने में तन्मयता से जुटे हुए हैं। 
The Window Seat Project के फाउंडर के रूप में शानू अब तक कई इलाकों का दौरा कर चुके हैं। और अपनी इस शानदार यात्रा को कैमरे की नजर से ना सिर्फ देख रहे हैं, बल्कि कैद भी करते जा रहे हैं।
पुणे से कन्याकुमारी की ट्रेन यात्रा के दौरान लोगों से एक ही सवाल करते रहे कि आखिर उन्हें ट्रेन की विंडो सीट से किस तरह का भारत दिखता है। और इसका जबाव उनकी खूबसूरत तस्वीरों में देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे शानू की तस्वीरों को खासा पसंद किया जा रहा है। देश की यात्रा के दौरान लोगों ने बड़ी संख्या में उन्हें ट्रेन यात्रा से जुड़े ना सिर्फ अपने अनुभव बताए, बल्कि कई तस्वीर भी दिए।
शानू ने बताया कि उनकी कोशिश है कि वो अपने प्रोजेक्ट से वो अजनबी लोगों की जिंदगी के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि उनकी जिंदगी में फिलहाल क्या चल रहा है।
अभी The Window Seat Project ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों के बीच खासा पसंद किया जा रहा है। लोग सोशल मीडिया पर #windowseatproject के नाम से अपनी ट्रेन यात्रा से जुड़ी स्टोरी और फोटो को शेयर कर रहे हैं।
इस समय सोशल मीडिया पर #windowseatproject हैशटेग से 26,000 लोगों की इंट्री हो चुकी है। जबकि 23,000 से ज्यादा लोगों ने इस प्रोजेक्ट को सोशल साइट्स पर फॉलो किया हुआ है।
शानू हर अपडेट को सोशल साइट्स पर शेयर करने से नहीं चूकते। हालात यह हैं कि ट्रेन यात्रा से जुड़ी शानू की हर तस्वीर कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती है।
शानू की कोशिश है कि भारत के बाद वो दुनिया के दूसरे देशों में जाकर ट्रेन से वहां की संस्कृति और सभ्यता की जानकारी जुटाएं। इसके लिए वो मदद हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
