ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस पार्टी 31 सीटों के साथ सत्ता में आती-आती रह गई। इस बात का दुख पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं को है। पार्टी के सत्ता तक ना पहुंचने के कई कारण रहे जिसमें संगठन की कमी मुख्य कारण सामने आया है। इसको देखते हुए नए साल पर पार्टी नए रंग में रंगने वाली है। कोशिश हो रही है कि पार्टी को नए ढंग से खड़ा किया जा सके ताकि अगली बार पार्टी प्रदेश की सत्ता में फिर वापस आए।
खबर है कि नव वर्ष 2020 में हरियाणा कांग्रेस कमेटी मौजूदा ‘काम चलाऊ’ सिस्टम से मुक्ति पाएगी। इसकी जमीन तेजी से तैयार की जा रही है। नव वर्ष में जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक नया संगठन मिल जाएगा। सबसे अहम बात यह है कि पदों के बंटवारे पर टकराव टालने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाएगी। यह नीति पद आवंटन में सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को तवज्जो देने की रहेगी।
