ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:– हरियाणा में होने वाले राज्यसभा की सीटों के चुनाव को लेकर भाजपा व जेजेपी में किसी भी प्रकार का गतिरोध देखने को नहीं मिला है। हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा है कि, पार्टी हाईकमान इस फैसले को स्वयं लेंगे और यह हमारे अधिकार क्षेत्र की बात नहीं है। झज्जर के लोकनिर्माण विश्राम गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं के रूबरू होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने इस की पुष्टि की।
बतादें रणबीर गंगवा यहां पर 15 मार्च को हिसार में होने वाले पिछड़े वर्ग के कार्यक्रम में सीएम के सम्मान समारोह को लेकर पार्टी के पिछड़े वर्ग के कार्यकर्ताओं से मिलने आए थे। सत्र में विपक्ष द्वारा सरकार के फैसलों के विरोध में उठाए गए सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गंगवा ने कहा कि, विपक्ष का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि सभी को पता है कि, पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी सीएम ने बजट पेश करने से पहले प्री-बजट को लेकर प्रदेश के सभी हलकों के विधायकों से तीन दिनों तक चर्चा की हो। सभी के सुझाव लिए गए और उसके बाद ही सरकार ने अपना बजट पेश किया है।
उन्होंने प्रदेश सरकार को पिछड़े वर्ग की हितैषी सरकार बताते हुए कहा कि, पिछली सरकारों में पिछड़े वर्ग की सरकारी नौकरियों में और राजनीतिक भागीदारी में घोर उपेक्षा की जाती थी। लेकिन इस सरकार में पिछड़ा वर्ग का सम्मान हुआ है। उन्होंने कहा कि, पिछड़ा वर्ग का इससे ज्यादा ओर क्या सम्मान होगा कि, विधान सभा में डिप्टी स्पीकर पद पर उन्हें बैठाया गया है। उन्होंने कहा कि 15 मार्च को हिसार में होने वाले पिछड़े वर्ग के समारोह में सीएम का सम्मान करने के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग की मांगों को भी उनके सामने रखा जाएगा और उन मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री कांता देवी,हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरमैन सुनीता चौहान सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


