आखिर सच में मारा गया मोस्ट वांटेड विक्की गौंडर या पुलिस कह रही झूठ!

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद पुलिस पूरे जोश में हैं। पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद पुलिस पूरे जोश में हैं। पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह खुद विक्की और प्रेमा के एनकाउंटर के बाद ट्वीटर पर आकर पुलिस को बधाई दी। दूसरी तरफ, विक्की के बाद खाली हुई सत्ता को हथियाने की होड़ भी मच चुकी है। खेरा खुब्बन गैंग ने तो फेसबुक पोस्ट से पुलिस को चुनौती देकर विक्की गौंडर का साम्राज्य संभालने की मंशा भी जाहिर कर दी है। मतलब साफ है आने वाले दिनों में पंजाब में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गैंगवार देखने को मिलेगा। जाहिर है गोलियां दोनों तरफ से चलेगी और लाशें भी गिरेगी। आखिर यह सिलसिला कहां थमेगा, इसका अंदाजा ना तो गैंगस्टर्स को है और ना ही पुलिस को। यकीन मानिए यह आने वाले उस खौफनाक कल की तरफ इशारा है, जिसकी तैयारी जेल के अंदर और बाहर की जा रही है। कभी भी इसका खतरनाक रूप देखा जा सकता है।

पुलिस ने बढ़ाई मुस्तैदी तो गैंगस्टर्स भी तैयार

विक्की की मौत के बाद पुलिस ने संभावित गैंगवार को लेकर मुस्तैदी बढ़ा दी है। वहीं तैयार गैंगस्टर्स विक्की की विरासत संभालने की तैयारी में हैं। जबकि पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर्स की सुरक्षा के लिहाज से वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी को हरी झंडी दे दी है। पुलिस नहीं चाहती है कि जिस तरह पेशी से लौट रहे सुक्खा काहलवां को गोलियों से छलनी कर दिया गया, ठीक उसी तर्ज पर किसी और गैंगस्टर की हत्या कर दी जाए। दरअसल, विक्की के एनकाउंटर के बाद जितनी आशंका पुलिस की थ्योरी पर जताई जा रही है, उससे ज्यादा आशंका दूसरे गैंगस्टर्स की सक्रियता पर है। दस लाख के इनामी विक्की गौंडर का अचानक एनकाउंटर उसी आशंका से उपजा है। कहा जा रहा है कि जल्द ही गैंगस्टर कोई बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की फिराक में हैं। गैंगस्टर्स किसी बड़ी घटना के बाद दावा करने की कोशिश कर रहे हैं कि उनसे बड़ा पंजाब में कोई नहीं है।

गैंगस्टर विक्की के एनकाउंटर का पोस्टमार्टम!  

26 जनवरी को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर विक्की गौंडर पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने सिलसिलेवार तरीके से तो कुछ नहीं बताया, लेकिन इतनी जानकारी दी है कि इंटेलीजेंस इनपुट के आधार पर विक्की गौंडर, प्रेमा लाहौरिया और सुखप्रीत उर्फ बुड्ढा को पंजाब-राजस्थान सीमा के अबोहर के पास हिंदूमल कोट गांव में ढेर कर दिया था। दरअसल, DGP सुरेश अरोड़ा ने बताया कि एनकाउंटर के बाद पता चला कि मरने वालों में विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया थे। फिर पुलिस किस इंटेलीजेंस इनपुट की बात कर रही थी? पुलिस ने कहा कि विक्की को 1 और प्रेमा को 3 गोली लगी थी, लेकिन दोनों के शरीर से एक भी गोली नहीं मिली। गोलियां दोनों के बदन को छेदकर बाहर निकल गई थी। जबकि, घटनास्थल से मिले पिस्तौल पर खून के निशान नहीं थे।

अपने ही बयान में उलझती जा रही पुलिस!

पंजाब के DGP सुरेश अरोड़ा का कहना है कि एनकाउंटर के बाद पता चला कि मारे गए लोगों में मोस्टवांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया है। जबकि अस्पताल में घायल सुखप्रीत उर्फ बुड्ढा की मौत हो गई। दूसरी तरफ पुलिस ने सूचना मिलने के बाद पूरी तैयारी की और पांच टीम को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस का कहना है कि पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम को विक्की और दूसरे गैंगस्टर्स को पकड़ने के लिए भेजा गया। मतलब मौके पर रवाना हुई पुलिस को पता था कि वो किसे पकड़ने जा रही है। लेकिन DGP सुरेश अरोड़ा का बयान इस आशंका को पुख्ता करता जा रहा है कि कहीं दाल में कुछ काला तो नहीं है। खैर, एक गैंगस्टर की मौत के बाद तमाम सवाल उठाए जाते हैं। लेकिन इस बार जिस तरह से पंजाब पुलिस के DGP ने खुद को कठघरे में खड़ा कर दिया है, उसका जवाब जितनी जल्दी हो सके देना होगा, नहीं तो, विक्की गौंडर के एनकाउंटर पर कई ई और सवाल उठेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *