ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब के मुक्तसर स्थित सरावां बोदला गांव का रहने वाला 14 साल का हरजिंदर सिंह भुल्लर डिस्कस थ्रो का खिलाड़ी बनना चाहता था। वो चाहता था देश के लिए मेडल्स जीतना। उसकी कोशिश जारी थी, लेकिन एक घटना से उसके जीवन में यू-टर्न आ गया। अब लोगों के दिमाग से हरजिंदर सिंह भुल्लर का नाम मिटने लगा था। इसकी जगह विक्की गौंडर लोगों को याद होता जा रहा था। विक्की गौंडर मतलब पंजाब अंडरवर्ल्ड का बेताज बादशाह, जिसके लिए जिंदगी-मौत से ज्यादा बड़ा था नाम कमाना। विक्की खुद को अंडरवर्ल्ड का सुपरस्टार मानने लगा था। बॉलीवुड की फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाईम इन मुंबई’ का डायलॉग ‘पहले खिलाड़ी था, अब पूरा खेल हूं’, उसे काफी पसंद था। और, जिस तरीके से वो पंजाब से लेकर हरियाणा, राजस्थान में अपने खौफनाक कारनामों से पैर पसारता जा रहा था, उससे हर गुजरते पल के साथ पंजाब पुलिस की बेचैनी बढ़ने लगी थी।
CM के ट्वीट के बाद पुख्ता हुई लोगों की आशंका!
26 जनवरी की शाम को विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद अचानक अंडरवर्ल्ड से लेकर राजनीतिक गलियारों में मोबाइल की घंटियां बजने लगी थी। हर कोई इस खबर को पुख्ता करना चाह रहा था कि विक्की गौंडर का सही में एनकाउंटर हो चुका है। दरअसल, अंडरवर्ल्ड में जिस तरह से विक्की ने अपना रूतबा कायम किया था, उससे पहली बार किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि अंडरवर्ल्ड के पूरे खेल को बदल देने वाला विक्की अब इस दुनिया में नहीं रहा। आनन-फानन में पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करके पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस टीम के साथ ही DGP को बधाई दे डाली। बस, सभी के लिए इतना ही काफी था कि पंजाब अंडरवर्ल्ड को चेहरा विक्की का एनकाउंटर हो चुका है। विक्की गौंडर के साथ उसके बेहद खास प्रेमा लाहौरिया और सुखप्रीत उर्फ बुड्ढा भी मारे जा चुके थे।

आखिरी वक्त तक पुलिस पर करता रहा फायरिंग
दरअसल, पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलीजेंस टीम ने 26 जनवरी की शाम नाभा जेल ब्रेक के मास्टरमाइंड और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर के साथ ही जालंधर निवासी प्रेमा लाहौरिया और सुखप्रीत उर्फ बुड्ढा को मार गिराया। टीम काफी समय से विक्की की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुख्ता जानकारी मिला कि पंजाब-राजस्थान सीमा पर अबोहर के नजदीक हिंदूमल कोट के ढाणी करनैल सिंह में विक्की और उसके साथी छिपे हुए हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे सभी को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा। विक्की ने पुलिस की बात मानने की जगह फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगी और आखिर में विक्की, प्रेमा की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीसरे घायल सुखप्रीत ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। विक्की आखिरी वक्त तक गोलियां चलाता रहा, भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस की गोलियां उस पर मौत बनकर टूट पड़ी।
देश के लिए कुछ करना चाहता था विक्की गौंडर
आज भले ही लोग विक्की गौंडर को क्रिमिनल मानें, लेकिन एक समय था वो देश के लिए कुछ करना चाहता था। विक्की BSF में भर्त्ती होकर देश की सेवा करने के सपने देख रहा था। वह डिस्कस थ्रो की प्रैक्टिस भी कर रहा था। 14 साल रही होगी उसकी उम्र जब एक घटना ने उसकी जिंदगी को अंडरवर्ल्ड में धकेल दिया। दरअसल, 14 साल की उम्र में विक्की ने बंदूक थाम ली थी। डिस्कस थ्रो के नेशनल खिलाड़ी रहते हुए विक्की ने तीन गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते थे। कोच को गर्व था उन्हें विक्की जैसा होनहार खिलाड़ी मिला है। विक्की ने स्पीड एंड फंड एकेडमी ज्वाइन कर ली थी। स्पोर्ट में शानदार प्रदर्शन की बदौलत उसे DIG महल सिंह भुल्लर ने भी सम्मानित किया था। विक्की को लगने लगा था कि उसकी मंजिल नजदीक है। वो खेल के रास्ते जिंदगी को ऊंचाईयों तक पहुंचाना चाहता था।
14 साल की उम्र में विक्की पर पहला मामला दर्ज
विक्की की जिंदगी उस समय बदल गई जब 14 साल की उम्र में एक झगड़े के कारण उसका नाम पुलिस की फाइल में दर्ज हो गया। दरअसल, विक्की की दोस्ती सुक्खा काहलवां, दलजीत भाणा, प्रेमा लाहौरिया, लवली बाबा, सुक्खा भाऊ, गुरभाज सिंह बाजा के साथ हो गई। जालंधर स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रैक्टिस के बाद एक शाम विक्की दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान उसका झगड़ा हो गया। इस झगड़े के बाद उसका नाम पहली बार पुलिस की एफआईआर में दर्ज हुआ था। पुलिस ने विक्की को थाने बुलाया और पूछताछ के नाम पर काफी टॉर्चर किया। आक्रोशित विक्की फिर भी शांत बैठा रहा कि तभी गैंगस्टर सुक्खा काहलवां ने उसके दोस्त बाबा सूरज की हत्या कर दी। इससे तिलमिलाये अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोराया के नजदीक सुक्खा काहलवां को गोलियों से छलनी कर दिया। सुक्खा की हत्या के बाद विक्की ने भांगड़ा किया और इसके साथ ही पंजाब अंडरवर्ल्ड में छा गया।
शोहरत मिली तो विक्की ने अलग कर लिए रास्ते
सुक्खा काहलवां की हत्या के बाद रातोंरात विक्की गौंडर का सिक्का अंडरवर्ल्ड में चलने लगा। उसका एक फोन कॉल ही काफी होता था। पंजाब, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में विक्की गौंडर की दहशत गूंजने लगी थी। उसे शोहरत मिलती जा रही थी तो दूसरी तरफ दोस्त साथ छोड़ते जा रहे थे। विक्की खुद अपनी पहचान बनाना चाहता था और इस कारण उसने पहले सुक्खा से अपने रास्ते हमेशा के लिए अलग कर लिए। फिर वक्त ने ऐसे करवट बदली कि एक समय के दोस्त खून के प्यासे हो गए। दोनों ने कसम खा ली थी, दूसरे को निपटाने की। विक्की ने प्रेमा तो सुक्खा ने दलजीत भाणा के साथ गैंग बना लिया। 15 सितंबर 2010 को सुक्खा ने जीटीबी नगर में एक युवक की हत्या करके कार लूट ली थी। और, जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने विक्की गौंडर का नाम ले लिया। अंदर की खबर विक्की को मिल चुकी थी। विक्की समझ चुका था कि सुक्खा उसे भी जेल के अंदर पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहा है।
पंजाब में शुरू हो चुका था गैंगस्टर्स का खूनी खेल
वक्त गुजरने के साथ ही सुक्खा और विक्की के गैंग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो चुके थे। विक्की सुक्खा को मारने की प्लानिंग में जुटा था, तभी सुक्खा ने पलटवार कर दिया। उसने 7 मई 2012 को राज नगर में विक्की के दोस्त प्रिंस को गोलियों से छलनी कर दिया। इस घटना के बाद विक्की का मोबाइल घनघनाने लगता है। गुस्से में विक्की अपने सारे नेटवर्क को फोन करके तैयार रहने को कहता है। एक बार फिर 26 फरवरी 2014 को सुक्खा और दलजीत ने विक्की के दोस्त दीपांश और सिमरन की हत्या कर दी। बस, यहां से विक्की और प्रेमा के सब्र का बांध टूट गया। प्रेमा और उसके साथी पुलिस की वर्दी में नाभा जेल पहुंचे और गैंगस्टर विक्की गौंडर, गुरप्रीत सेखों के साथ दूसरे अपराधियों को लेकर फरार हो गया। फरार होने के बाद विक्की ने प्रेमा लाहौरिया और दूसरे क्रिमिनल्स के साथ मिलकर 21 जनवरी 2015 को सुक्खा काहलवां की हत्या की फिर भंगड़ा किया और फरार हो गए।
ISI से जुड़ने का सपना देखने लगा था विक्की
सुक्खा काहलवां की हत्या के बाद अचानक पुलिस की रडार पर विक्की गौंडर, प्रेमा लाहौरिया के साथ उसका गैंग आ गया। विक्की को पता चल गया था कि अगर जिंदा रहना है तो विदेश भागना ही होगा। वो विदेश जाकर इंटरनेशनल डॉन बनना चाहता था। इसी दौरान विक्की ने फैसला किया कि वह पाकिस्तान जाकर ISI के साथ काम करेगा। विक्की प्लानिंग करता रहा और हर खबर पुलिस के पास भी पहुंचती रही। हैरानी की बात यह थी कि विक्की, प्रेमा के साथ ही सुखप्रीत को सारा प्लान पता था। और, सुखप्रीत ने यहां गद्दारी कर दी। उसने पुलिस को सारी जानकारी शेयर कर दी। पुलिस ने जाल बिछाया और विक्की, प्रेमा को ढेर कर दिया। एनकाउंटर में सुखप्रीत भी घायल हुआ, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। हकीकत में यह गद्दारी नहीं थी, सुखप्रीत अपने दोस्त सुक्खा की हत्या का बदला लेना चाहता था और इसी कारण उसने विक्की के साथ रहते हुए भी उसकी हत्या की साजिश कर डाली थी।
बड़ा सवाल : कौन संभालेगा विक्की गौंडर का साम्राज्य?
28 जनवरी को विक्की का अंतिम संस्कार मुक्तसर स्थित उसके पैतृक गांव सरावां बोदला में कर दिया गया। आखिरी के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। उधर, विक्की की हत्या से तिलमिलाए शेरा खूबन ग्रुप ने फेसबुक पर पोस्ट करके पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की हत्या की धमकी दे डाली। इससे पंजाब पुलिस की बेचैनी और बढ़ गई। क्योंकि, विक्की की हत्या के बाद पुलिस सोच रही थी अब शांति होगी। लेकिन यह शांति आने वाले तूफान का संकेत है। विक्की तो चला गया, लेकिन उसके पीछे उसके खतरनाक इरादा रखने वाले दोस्त हैं। विक्की का साम्राज्य है, जिसे चलाने वाला चाहिए। भले ही पंजाब पुलिस निश्चिंत बैठ गई हो, लेकिन इतना तय है कि आने वाले समय में और गैंगवार देखने को मिलेगा। गोलियों से छलनी होने वाली हर लाश विक्की गौंडर के उत्तराधिकारी का नाम तय करेगी। क्योंकि, विक्की को फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाईम इन मुंबई’ का वो डायलॉग भी बेहद पसंद था, जिसमें हीरो कहता है ‘हर आते-जाते रास्ते पर लिख दो यहां कानून का आना-जाना मना है।’



