Weather Update: मॉनसून के आने से देशभर में लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है. हालांकि कुछ राज्यों में ज्यादा बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग ने तो आने वाले चार-पांच दिनों के लिए देशभर में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. ऐसे में आने वाली 15 जुलाई तक देशभर के करीब सभी हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है. वहीं पहाड़ों पर आफत बनकर बरस रही बारिश की वजह से लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है.(Weather Update)
पंजाब (Punjab weather update) में आज से एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा.अनुमान है कि 12 तारीख को ज्यादातर जिलों में बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कल शाम अमृतसर में बारिश हुई, जबकि पंजाब के बाकी हिस्से शुष्क रहे और राज्य का औसत तापमान 0.6 डिग्री बढ़ गया.
मौसम विभाग ने आज पंजाब में कोई अलर्ट जारी नहीं किया है लेकिन पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, मनसा, बठिंडा, मुक्तसर, फरीदकोट और फाजिल्का में बारिश होने की संभावना है. हालांकि, बारिश की संभावना 25 से 50 फीसदी ही है. वहीं 12 जुलाई को बारिश को लेकर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं दिल्ली (Delhi weather update) में दो दिनों से कुछ इलाकों में बारिश हो रही है. जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. हालांकि कुछ देर की बारिश से उमस थोड़ी बढ़ गई है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं आज राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है. बता दें कि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली में बारिश का अनुमान जताया है. अगर मौसम विभाग का ये पूर्वानुमान सच साबित हुआ तो दिल्ली से उमस भी गायब हो जाएगी.



