गुरुग्राम, 24 अगस्त । दिल्ली से सटी साइबर सिटी गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने अपनी पुत्रवधु के किराएदार के साथ अवैध संबंध के शक के चलते एक-दो नहीं बल्कि चार लोगों की फसल काटने वाली दराती से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस थाने में जाकर सरेंडर कर दिया।
राजेंद्र पार्क थाने में पहुंचे राय सिंह नाम के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसने पांच लोगों की हत्या कर दी है, जिनमें उसकी पुत्रवधु सुनीता, किरायेदार कृष्ण तिवारी, किराएदार की पत्नी अनामिका, उसकी तीन साल की मासूम बच्ची विधि ओर सुरभि शामिल है। राय सिंह ने बताया कि सभी के शव उसके घर यशस्वी निवास A-80 में पड़े है। आनन फानन में पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां हर तरफ खून ही खून बिखरा हुआ मिला। मौके पर पुलिस को एक बच्ची की सांस चलती हुई मिली, जबकि चार लोगों की मौत हो चुकी थी। गुरुग्राम पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मासूम को निजी अस्पताल में भर्ती करवा मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है।
डीसीपी वेस्ट दीपक सहारण की माने तो जांच अभी शुरुआती दौर में ही है। फिलहाल पुलिस ने चारों के शवों को कब्ज़े में मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज वारदात ने कई बड़े और अहम सवाल खड़े कर दिए है, जैसे चार चार लोगों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया जाता रहा है और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी भनक तक नही लगी। पुत्रवधु और किराएदार के अवैध संबंधों के शक के चलते किराएदार की पत्नी और उसकी बेटी की क्यों हत्या की गई। खैर इन सब सवालों के जवाब फिलहाल पुलिस भी तलाश रही है। देखने वाली बात होगी की जांच के बाद इन सवालों के क्या जवाब सामने आते हैं।



