Ryan International School में सात साल के बच्चे की हत्या

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : साइबर सिटी गुरूग्राम के नामी रियान इंटरनेशनल स्कूल से एक छात्र के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जाता…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : साइबर सिटी गुरूग्राम के नामी रियान इंटरनेशनल स्कूल से एक छात्र के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जाता है कि गुरूग्राम के भोंडसी स्थित इस स्कूल के टॉयलेट से सात साल के प्रदुमन का शव मिला है। लिविंग इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का गला रेतकर शव को शौचालय में डाल दिया गया था। घटना कब और कैसे हुई इसकी जानकारी ना तो स्कूल प्रबंधन दे रहा है ना ही पुलिस की तरफ से अभी तक किसी तरह का बयान आया है। लेकिन इस घटना से साफ है कि नामी स्कूल में भी सुरक्षा की व्यवस्था काफी खराब है।

खिड़की से कूदकर भाग गया हत्यारा

दरअसल शुक्रवार की सुबह कर्मचारियों और छात्रों ने टॉयलेट में प्रदुमन का शव देखा। इसके बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस को भी सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरूआती जांच में सामने आया है कि बच्चे की गला रेतकर हत्या के बाद हत्यारा बाथरूम की खिड़की से कूदकर भाग गया है।

सीसीटीवी फुटेज देगा हत्यारे का सुराग

हालांकि शव को देखकर साफ लगता है कि छात्र की गला रेतकर हत्या की गई है। बावजूद पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार भी कर रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक छात्र दूसरी क्लास में पढ़ता था। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो सभी बदहवास हो गए। आखिर कोई उनके लाडले को क्यों मारेगा उन्हें इसका पता नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था में चूक तो नहीं !

यह सनसनीखेज घटना उस स्कूल में हुई है, जिसका गुरूग्राम के साथ ही दिल्ली में काफी नाम है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल में सीसीटीवी लगाया गया है और सुरक्षा के लिए गार्ड तक तैनात किए गए हैं। बावजूद कोई तेजधार हथियार लेकर स्कूल परिसर में दाखिल होता है और बच्चे की हत्या करके फरार हो जाता है। मतलब हत्या जिसने भी किया है उसने हत्या के पहले पूरी रेकी की होगी। तभी उसे पता था कि इस वारदात को अंजाम देकर किस रास्ते से भागना है। हैरानी की बात यह है कि स्कूल में तैनात गार्ड भी अपराधी को नहीं पकड़ सके।

रियान इंटरनेशल स्कूल में असुरक्षित बच्चे !

रियान इंटरनेशनल स्कूल में बच्चे की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी पिछले साल दिल्ली के वसंत कुंज स्थित रियान इंटरनेशनल स्कूल में एक बच्चे का शव मिला था। उस बच्चे की उम्र 6 साल थी और उसका शव पानी की टंकी में पड़ा था। पॉश एरिया स्थित स्कूल में ऐसी घटना के बाद समूचा स्कूल प्रबंधन कठघरे में खड़ा हो गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था स्कूल पढ़ाई के नाम पर मोटी फीस तो लेता है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नदारद रहते हैं। समय गुजरने के साथ इस हादसे को भुला दिया गया और एकबार फिर गुरूग्राम में एक छात्र की हत्या हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *