ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जिन शिक्षकों के कंधों पर देश का भविष्य कहलाने वाले नौनिहालों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी हो और वही अगर बेरहमी पर उतर आए तो इसे आप क्या कहेंगे। जी हां, ऐसा ही एक वाकया रेवाड़ी जिला के गांव नंगली गोधा स्थित एक निजी स्कूल में उस वक्त घटा, जब पूरे देश के नौनिहाल शिक्षक दिवस मना रहे थे।
छात्र गांव नंगली गोधा स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल मे 10वीं क्लास में पढ़ता है। इस छात्र का आरोप है कि पहले स्कूल के प्रिंसिपल और फिर डायरेक्टर ने स्कूल का कमरा बंद कर उसमें म्यूजिक बजा कर उस की डंडों से बड़ी ही निर्ममता से पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इतना ही नहीं, परिजनों के पूछने पर इनकी हैवानियत सिर चढ़कर बोलने लगी और इन्होंने पीड़ित छात्र की मां और उसके मामा के साथ भी न केवल बदसलूकी की, बल्कि हाथापाई करते हुए उनके कपड़े तक फाड़ डाले। इस घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी।
पूछताछ के लिए पुलिस जब स्कूल पहुंची तो स्कूल संचालकों में बजाय अपनी गलती मानने के उल्टे छात्र की मां पर ही समझौते के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे बोलते बोलते महिला वहीं पर चक्कर खाकर गिर गई, जिसे पुलिस की गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया गया।
