सिरसा, 29 जुलाई
सिरसा में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने व्यापारियों की मीटिंग लेने के उपरांत निजी होटल में पत्रकार वार्ता की ।उसमें बजरंग गर्ग ने कहा GST विभाग के कुछ सरकारी अधिकारी अपने निजी स्वार्थ के लिए व्यापारियों को नाजायज तंग कर रहे हैं।
हरियाणा में जगह-जगह चैकिंग का डर दिखा कर व्यापारियों से पैसे ऐठने का काम किया जा रहा है। GST विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदेश के व्यापारियों में बड़ा भारी रोष है। केंद्र व प्रदेश सरकार को GST विभाग के जो भी भ्रष्ट अधिकारी है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि व्यापारी व उद्योगपति हर राज्य की रीड की हड्डी होती है। अगर व्यापारी व उद्योगपति भय के वातावरण में काम करेगा, तो निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में गलत प्रभाव पड़ेगा। सरकार को भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ईमानदार व्यापारी बिना डर के व्यापार कर सकें ।
बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार बनाने में व्यापारी व उद्योगपतियों का बहुत बड़ा योगदान है। केंद्र व प्रदेश सरकार में लगातार कुछ भ्रष्ट अधिकारी व्यापारियों का शोषण करने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है ।जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। अगर GST विभाग के अधिकारियों ने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश के व्यापारियों को नाजायज तंग किया, तो उसके खिलाफ व्यापार मंडल सड़कों पर आंदोलन करेगा।
बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में लगातार अपराध बढ़ रहा है। अपराधी खुले आम व्यापारी व उद्योगपतियों से फिरौती, मंथली, लूटपाट व हत्याओं की वारदातें कर रहे हैं। जिसके कारण प्रदेश का व्यापारी अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। सरकार को अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने की जरूरत है।
अन्य खबरें जानें –



