नूंह, 27 जुलाई
नूंह जिले के गांव जमालगढ़ में समाज में फैल रही सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एक विशेष पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में गांव के गणमान्य लोगों, पंच-सरपंचों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर नशाखोरी, शराब, जुआ, सट्टा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों को जड़ से समाप्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से एक कमेटी का गठन किया गया, जो गांव में सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए कार्य करेगी।
पंचायत को संबोधित करते हुए मौलाना इदरीस खान ने कहा कि समाज में तेजी से बढ़ रही बुराइयों का सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा। इसलिए गांव स्तर पर जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।मौलाना इदरीस खान ने बताया कि गठित कमेटी ऐसे लोगों की पहचान करेगी जो नशे, जुए, सट्टे या अन्य गलत गतिविधियों में शामिल हैं। पहले उन्हें समझाकर सही रास्ते पर लाने का प्रयास किया जाएगा। यदि इसके बावजूद वे अपनी गतिविधियां नहीं छोड़ते हैं तो आगे की कार्रवाई का निर्णय कमेटी सामूहिक रूप से करेगी।
उन्होंने कहा कि अक्सर समाज में दो वर्ग होते हैं-गरीब और अमीर। कई बार गरीब वर्ग के लोगों पर आसानी से कार्रवाई हो जाती है, जबकि प्रभावशाली लोगों के सहयोग के कारण सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाती। इस बार बनाई गई कमेटी में सभी वर्गों के लोगों को शामिल किया गया है ताकि बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सुधार का अभियान चलाया जा सके।
अन्य खबरें जानें –

