न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पानीपत के चमरारा गांव से परफार्मेंस देकर कार से लौट रही सिंगर हर्षिता दहिया की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया है कि हर्षिता दिल्ली के नरेला इलाके में रहती थी। हर्षिता ने अपने जीजा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद उसका जीजा जेल में बंद था। इस मामले को वापस लेने के लिए हर्षिता पर काफी दबाव भी डाला जा रहा था।
दूसरी तरफ हर्षिता अपनी मां की हत्या की गवाह भी थी। उसकी मां की कुछ महीनों पहले दिल्ली में हत्या कर दी गई थी। पुलिस को आशंका है कि इन मामलों के कारण हर्षिता की हत्या की जा सकती है। हालांकि अभी तक पुलिस हर्षिता की हत्या के पुख्ता नतीजों पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हर्षिता की हत्या का मामला दर्ज करके मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
हर्षिता को पहले भी धमकी दी जाती रही है, जिसका खुलासा उन्होंने सोशल साइट पर किया था। बावजूद पुलिस हर्षिता की जिंदगी बचाने में सफल नहीं हो सकी। बता दें कि मंगलवार को पानीपत के चमरारा गांव से कार्यक्रम करने के बाद हर्षिता सहयोगियों के साथ कार से वापस लौट रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे चार गोली मारी, गोली लगने के कारण घटनास्थल पर ही हर्षिता की मौत हो गई।
