नाटो शिखर सम्मेलन से पहले रूस ने किया कीव पर बड़ा मिसाइल हमला, एक साथ हुए कईँ धमाके

6  जुलाई अंकारा में 2026 का NATO शिखर सम्मेलन शुरू होने से ठीक एक दिन पहले रूस ने सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर…

नाटो शिखर सम्मेलन

6  जुलाई

अंकारा में 2026 का NATO शिखर सम्मेलन शुरू होने से ठीक एक दिन पहले रूस ने सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला कर दिया। यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का एक साथ इस्तेमाल किया गया। हमले के दौरान राजधानी में कई तेज धमाके हुए और पूरे शहर में एयर रेड सायरन बज उठे।

कीव के मेयर ने बताया कि शहर के दो जिलों में मलबा गिरने से आग लग गई और कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नए जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने चेतावनी दी थी कि रूस बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि रूस अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस और नाटो शिखर सम्मेलन से पहले दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। जेलेंस्की ने कहा था कि रूस का उद्देश्य अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाना और नागरिकों की जान लेना है। उनके बयान के कुछ घंटों बाद ही कीव पर यह बड़ा हमला हुआ।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब मंगलवार से तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत सदस्य देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे। बैठक में यूक्रेन युद्ध, यूरोप की सुरक्षा और रूस के खिलाफ आगे की रणनीति प्रमुख मुद्दे रहने की संभावना है। ऐसे में कीव पर हुआ हमला रूस की ओर से रणनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि चार जुलाई को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब 90 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। रूस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने में मदद की पेशकश की थी। लेकिन यहां ताजा हमले ने संकेत दिया है कि फिलहाल युद्ध थमता नजर नहीं आ रहा है और अब दुनिया की निगाहें नाटो शिखर सम्मेलन के फैसलों पर टिकी हैं।

अन्य खबरें जाने –

प्रधानमंत्री मोदी आज से तीन देशों के छह दिवसीय दौरे पर हुए रवाना , इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे प्रधानमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *