ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में रोडवेज विभाग की ओर से 700 प्राइवेट बसों को परमिट देकर सड़कों पर उतारे जाने की चर्चा के चलते रोडवेज कर्मचारियों ने एक बार फिर से संघर्ष का ऐलान कर दिया है। रोडवेज कर्मचारियों ने भिवानी के बस स्टैंड पर आंदोलन की रणनीति बनाते हुए जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने 15 जुलाई को करनाल में सीएम आवास का घेराव करने की भी घोषणा की।
रोडवेज कर्मचारी नेता राजकुमार दलाल और ज्ञानेंद्र घणगश ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के तहत छात्राओं, बुजुर्गों, बीमारों समेत दूसीर 42 प्रकार की रियायती दरों पर रोडवेज की ओर से जो सेवा दी जाती है, प्राइवेट बसें ऐसा नहीं करेंगी। इससे सार्वजनिक परिवहन प्रणाली ध्वस्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इसे लेकर पूरे प्रदेश में डेढ़ लाख लोगों के हस्ताक्षर करवाए गए है, जिसमें आम जनता ने रोडवेज की वर्तमान प्रणाली को बनाए रखने की बात कही गई है। इसलिए इसे लेकर 15 जुलाई को एक ज्ञापन सीएम को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार वादा खिलाफी करके रोडवेज के निजीकरण पर तुली हुई है। यदि 15 अगस्त को सीएम ने उनकी मांगे नहीं मानी तो उसी दिन करनाल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी जाएगी।

