रेवाड़ी , 8 सितंबर
रेवाड़ी में पेयजल समस्या से परेशान लक्ष्मी नगर के लोगों का मंगलवार सुबह जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कॉलोनीवासियों ने रेवाड़ी-नारनौल रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लक्ष्मी नगर के लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर नारनौल रोड पर जाम लगा दिया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में पिछले करीब दो साल से पेयजल की समस्या बनी हुई है। गर्मी और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच पानी नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरकर जाम लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलोनीवासी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में DSP पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।।जाम खुलने के बाद नारनौल रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। कॉलोनीवासियों ने जन स्वास्थ्य विभाग से पेयजल समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
अन्य खबरें जानें –
रेवाड़ी में भाजपा नेता के भतीजे की हत्या, दोस्त ने रॉड मारकर की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात



