करनाल, 8 सितंबर
करनाल में लम्पी वायरस को लेकर राहत की खबर सामने आई है। पशुपालन विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल लम्पी वायरस का एक भी मामला सामने नहीं आया है। वहीं, पशुओं को संक्रमण से बचाने के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान लगभग पूरा होने वाला है।
करनाल जिले में 25 जुलाई 2026 से लम्पी वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। विभाग को कुल 1 लाख 5 हजार 400 डोज की सप्लाई मिली थी। इनमें से 6 सितंबर तक 1 लाख 3 हजार 400 डोज यानी करीब 98 प्रतिशत वैक्सीनेशन पूरा किया जा चुका है।
अधिकारियों के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में बाकी टीकाकरण भी पूरा कर लिया जाएगा।पशुपालन विभाग के अधिकारी ने बताया कि करनाल जिले में अभी तक लम्पी वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। अलग-अलग सब-डिवीजन से भी किसी पशु में संक्रमण की कोई सूचना विभाग को नहीं मिली है।अधिकारी ने बताया कि लम्पी वायरस के प्रमुख लक्षणों में पशुओं के शरीर पर छोटी-छोटी गांठें बनना, बुखार आना, खाना-पीना कम या बंद करना और दूध उत्पादन में कमी आना शामिल है।
समय पर उपचार नहीं मिलने पर गांठों में पस भी बन सकता है, जिससे पशु की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है और कुछ मामलों में पशु की मौत भी हो सकती है।विभाग के मुताबिक जिले में वैक्सीन और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है। शुरुआत में 1 लाख 5 हजार 400 डोज उपलब्ध कराई गई थीं, जबकि जरूरत के अनुसार जींद जिले से 6 हजार 700 अतिरिक्त डोज भी मंगवाई गई हैं।
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि लम्पी वायरस मनुष्यों में फैलने वाली बीमारी नहीं है। हालांकि पशुपालकों को अपने पशुओं की साफ-सफाई और देखभाल पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। पशुओं के आसपास मक्खी-मच्छर न पनपने दें और यदि किसी पशु में लम्पी वायरस के लक्षण दिखाई दें तो उसे अन्य पशुओं से अलग रखते हुए तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें।
विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि यदि किसी पशु के शरीर पर गांठ, बुखार या दूध उत्पादन में अचानक कमी जैसे लक्षण दिखाई दें तो नजदीकी राजकीय पशु औषधालय या पशु चिकित्सालय से तुरंत संपर्क करें और उपचार शुरू करवाएं।अधिकारी के मुताबिक जिले के अधिकांश गांवों में टीकाकरण का काम पूरा हो चुका है और जहां भी टीकाकरण बाकी है, वहां विभाग की टीमें पहुंचकर अभियान को पूरा कर रही हैं।
फिलहाल पशुपालन विभाग का कहना है कि करनाल जिले में लम्पी वायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। जिले में अभी तक संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है और टीकाकरण अभियान भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
अन्य खबरें जानें –



