करनाल 2 जुलाई
करनाल पुलिस की CIA -1 टीम ने 29 जून की शाम को 5 आरोपियों को आठ देसी हथियार और 30 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। हालांकि इस दौरान गिरोह का एक सदस्य परमीत, निवासी मालपुर, जिला पानीपत, पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसके चार साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार चल रहा आरोपी परमीत तरावड़ी की ईडन कॉलोनी इलाके में पल्सर बाइक पर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। जब आरोपी वहां आया तो पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी और पुलिस टीम पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान CIA -1 के एएसआई राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी परमीत की जांघ में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले करनाल के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से आरोपी को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक परमीत के खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास और पुलिस मुठभेड़ समेत करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह हरियाणा के कलानौर और पंजाब के फिरोजपुर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
अन्य ख़बरें जानें-

