ऑनलाइन डेस्क लिविंग इंडिया न्यूज:हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि सीएम की जन आशीर्वाद यात्रा 27 अगस्त को ही गुरुग्राम पहुंचेगी और गुरुग्राम में मुख्यमंत्री के रथ यात्रा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं है। उन्होंने कहा कि ये यात्रा 27 अगस्त मंगलवार शाम 4.30 बजे के आसपास गांव झुंड सराय से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी, जहां पर सभी हल्का वासी इस यात्रा का उत्साह और जोश के साथ भव्य स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में वर्तमान भाजपा सरकार ने गुरुग्राम जिला और अहीरवाल क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए हैं, जिसके लिए लोग भारी संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में इस जन आशीर्वाद यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि गांव झूठ सराय के बाद यह यात्रा गांव वजीरपुर, हयातपुर, गढ़ी हरसरू, गाडौली होते हुए कादीपुर चौक पहुंचेगी। लोक निर्माण मंत्री ने सभी जिला वासियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में 27 अगस्त को गांव झुंड सराय पहुंचकर मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद रथ यात्रा का स्वागत करें और सीएम मनोहर लाल को फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का आशीर्वाद दें।


