न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला के बलकरा गांव निवासी डेरा सच्चा सौदा अनुयायी सोमबीर सिंह की मौत के बाद परिजन कोर्ट में केस दर्ज कर डेरे को दान दी हुई जमीन वापस लेने की मांग करेंगे। परिजनों ने डेरा प्रमुख के खिलाफ कई खुलासे करते हुए पुलिस से केस दर्ज करने समेत कार्रवाई की मांग की है।परिजनों के डेरा प्रमुख पर जमीन समेत रूपये हड़पने के गंभीर आरोप लगाने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेश हुड्डा के नेतृत्व में गठित एसआईटी जांच करेगी। करीब डेढ़ दशक तक डेरा सच्चा सौदा से जुड़े दादरी जिले के बलकरा निवासी किसान सोमबीर ने गांव में ही गुरमीत राम रहीम का डेरा बनाने के लिए 12 एकड़ कृषि भूमि दान की थी।
सोमबीर ने रिसोर्ट बनाने के नाम पर 3 करोड़ रुपये भी दिए थे। लेकिन ना तो गांव में डेरा बना और ना ही रिसोर्ट की कमाई से उसे मुनाफा मिला। परिजनों ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दान दी गई भूमि को भी डेरे से जुड़े लोगों ने किसी दूसरे को बेच दिया। परिजनों की मानें तो करीब 6 करोड़ रुपए की चपत के कारण सोमबीर तनाव में रहता था। गुरमीत राम रहीम के दुष्कर्म मामले में जेल जाने के बाद से वह पूरी तरह अवसाद ग्रस्त हो चुका था। इसी के चलते 6 सितंबर की रात वह घर से कहीं चला गया था। इसी दौरान शुक्रवार की देर शाम सोमबीर का शव गांव के कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने भी सोमबीर के लापता होने से जुड़े मामले को दर्ज करने की बात कही है।
इस संबंध में डीएसपी हेड क्वार्टर सुरेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने पहले सोमबीर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मृतक के परिवार ने डेरा सच्चा सौदा और गुरमीत राम रहीम पर धोखाधड़ी कर जमीन और करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।एसआईटी अब इस केस की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल राम रहीम के बारे में नित नए खुलासे हो रहे हैं जिससे साफ है कि बलात्कारी गुरमीत राम रहीम ने कई कुकर्म किए थे, जो अब तक छिपा हुआ था।


