ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में मौसम लगातार बदलता दिखाई दे रहा है। शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में बादल छा गए, जिससे रात का तापमान सामान्य से अधिक हो गया। आईएमडी का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ के कारण 26 और 27 नवंबर को प्रदेश में कई इलाकों में कहीं- कहीं हलकी बरसात के साथ ओले भी पड़ सकते हैं।

आपको बता दें कि इस समय गेहूं की बिजाई का कार्य काफी तेजी से चल रहा है और लगभग 12 लाख हेक्टेयर इलाके में गेहूं की बिजाई हो चुकी है। अगर राज्य में भारी बारिश के साथ ओले बरसे, तो किसानों की रबी की बिजाई में कुछ देरी हो सकती है। तेज बरसात से परेशानी हो सकती है। हालांकि तेज बारिश की कम संभावना है और प्रदेश के दक्षिणी जिलों और उत्तरी राजस्थान में ओले पड़ने की संभावना ज्यादा है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि उत्तरी भारत में पश्चिम विक्षोभ के असर के बाद बरसात होगी। जिसके बाद प्रदेश में धुंध भी दिसंबर के पहले हफ्ते में बढ़ सकती है। क्योंकि प्रदेश में धुंध दिसंबर के प्रथम सप्ताह में दस्तक देती रही है।

