ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: कांग्रेस पार्टी के दिल्ली में चल रहे अधिवेशन को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को संबोधित किया। मोदी सरकार राहुल गांधी के निशाने पर थी। उन्होंने कहा कि देश में गुस्से का विस्तार किया जा रहा है। समाज और सामाजिक लोगों को बांटने का काम हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज पूरे देश में एक-दूसरे को लड़ाने की साजिश की जा रही है. कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन में बतौर अध्यक्ष पहला भाषण देते हुए राहुल गांधी ने बताया कि वे इस अधिवेशन में 2 भाषण देंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले अपनी बात छोटी रखेंगे और अधिवेशन में दूसरे नेताओं की बात सुनकर अपने समापन भाषण में पूरी बात रखेंगे।
राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश को जोड़ने की बात की है, जोड़ा है. पंजे का निशान ही वो ताकत है जिससे देश आगे बढ़ सकता है। राहुल ने पार्टी में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा लोग ही पार्टी चलाएंगे लेकिन पार्टी वरिष्ठ नेताओं को साथ में लेकर ही आगे बढ़ेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश को राह दिखा सकती है। मजदूर, किसान, गरीब जब बीजेपी सरकार की ओर देखते हैं तो उन्हें कुछ समझ नहीं आता. कमल फूल वाले नेता गुस्से में रहते हैं, लेकिन कांग्रेस प्यार से आगे बढ़ने वाली पार्टी है. धर्म निरपेक्ष होने का हवाला देते हुए राहुल ने कहा कि ये देश हर धर्म का है और हर व्यक्ति का है। 
राहुल गांधी से पहले लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश में कांग्रेस द्वारा किये गये विकास कार्यों को गिनाया. इसरो की शुरुआत, कंप्यूटर के साथ ही देश में जो उद्योग धंधे हैं, उन्हें खड़गे ने विकास की पहली सीढ़ी बताया. लेकिन अंधों को कुछ दिखाई नहीं देता. मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ चाय वाला होने से कुछ नहीं होता, देश के लिए बहुत कुछ करना होता है।


