Punjab CM Meeting President:
श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत दिवस पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं. श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले समारोह में देश-विदेश से एक करोड़ से अधिक संगत के आने की उम्मीद है. 19 से 30 नवंबर तक रोजाना 11 हजार से अधिक संगत के ठहराव के लिए पवित्र शहर में टेंट सिटी स्थापित की जा रही है.
इस समागम के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को मुलाकात करेंगे. मुख्यमंत्री मान राष्ट्रपति मुर्मू को 350वें शहीदी पर्व समागम में शामिल होने का निमंत्रण देंगे. दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति भवन में सीएम मान राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे. पंजाब सरकार की ओर से पीएम सहित, देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस ऐतिहासिक समागम के लिए आमंत्रण भेजा गया है.
ओडिशा व गोवा के मुख्यमंत्रियों को सौंपे आमंत्रण पत्र-
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस पर होने वाले कार्यक्रम के लिए न्योता देने पंजाब के मंत्री विभिन्न राज्यों के दौरे पर हैं. वीरवार को पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क भुवनेश्वर पहुंचे जबकि उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा व कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां गोवा पहुंचे. इन सभी मंत्रियों ने ओडिशा व गोवा के सीएम को समारोह में शिरकत करने का आमंत्रण दिया. मंत्री चीमा और कटारूचक्क ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से भेंट की जबकि मंत्री अरोड़ा व खुड्डियां ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात की.



