ढाका, 21 अगस्त
बांग्लादेश ने मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को देश का नया राष्ट्रपति चुन लिया है। सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ नेता आलमगीर ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद को हराया।
इस चुनाव में मिर्जा फखरूल को 255 वोट मिले और ओली अहमद को 88 वोट मिले। चुनाव परिणाम की घोषणा मुख्य निर्वाचन आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने की।बांग्लादेश में करीब 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतादन हुआ है। मिर्जा फखरुल सत्तारूढ़ BNP के उम्मीदवार थे, जबकि ओली अहमद को जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के विपक्षी गठबंधन का समर्थन प्राप्त था।
मिर्जा फखरुल होंगे बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति
78 वर्षीय मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर लंबे समय तक BNP के महासचिव रहे हैं। पार्टी के सत्ता में लौटने के बाद अब वह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंच गए हैं। राष्ट्रपति का पद मुख्य रूप से संवैधानिक और औपचारिक है, जबकि कार्यकारी शक्तियां प्रधानमंत्री और सरकार के पास रहती हैं।
शुक्रवार शाम होगा शपथ ग्रहण
मिर्जा फखरुल शुक्रवार शाम ढाका स्थित बंगभवन के दरबार हॉल में बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 7:30 बजे निर्धारित है।
बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति पद खाली हुआ था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने कार्यकाल के बीच में पद छोड़ा था। इसके बाद संसद में नए राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई और अब मिर्जा फखरुल की जीत के साथ यह प्रक्रिया पूरी हो गई है ।
अन्य खबरें जानें –

