माटी कला को मिलेगा नया आयाम, कुम्हारों की बढ़ेगी आमदनी, इलेक्ट्रिक चाक-भट्ठी से बदलेगी कुम्हारों की किस्मत

भिवानी, 29 नवंबर मिट्टी के बर्तनों की घटती मांग और बढ़ती लागत के बीच कुम्हार समाज की आजीविका को मजबूत करने के लिए माटी कला…

माटी कला

भिवानी, 29 नवंबर

मिट्टी के बर्तनों की घटती मांग और बढ़ती लागत के बीच कुम्हार समाज की आजीविका को मजबूत करने के लिए माटी कला बोर्ड नई पहल करने जा रहा है। बोर्ड का उद्देश्य पारंपरिक माटी कला को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कुम्हार भाईयों की आमदनी बढ़ाना है। इसके लिए आधुनिक मशीनें, इलेक्ट्रिक भट्ठियां, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं और बाजार उपलब्ध करवाने पर काम किया जा रहा है।कुम्हार समाज के लोगों से अपनी फर्म का रजिस्ट्रेशन करवाकर बोर्ड से जुड़ने की अपील भी की गई है।

माटी कला को मिलेगा नया आयाम

समाज के सम्मान समारोह में पहुंचे माटी कला बोर्ड के प्रतिनिधि अनूप प्रजापति ने समाज द्वारा दिए गए मान-सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि माटी कला केवल एक पारंपरिक व्यवसाय नहीं, बल्कि कुम्हार समाज की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। आज जरूरत है कि इस कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए, ताकि कुम्हार परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि आज लोग कुल्हड़ में चाय पीना पसंद करते हैं, लेकिन कुल्हड़ बनाने की आधुनिक तकनीक और बाजार की जानकारी के अभाव में समाज इसका पूरा लाभ नहीं उठा पा रहा है।

कुम्हारों को मिलेगी आधुनिक मशीनों की ट्रेनिंग

अनूप प्रजापति ने बताया कि बोर्ड की ओर से कुम्हार समाज को आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल की जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की योजना है। इसमें इलेक्ट्रिक चाक, मिट्टी की पिसाई करने वाली मशीनें, भुनाई की मशीनें और अलग-अलग डिजाइन के मोल्ड शामिल हैं। इसके अलावा पारंपरिक भट्ठियों के स्थान पर इलेक्ट्रिक भट्ठियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रदूषण कम हो और बर्तनों का उत्पादन आसानी से किया जा सके। मिट्टी से आकर्षक शोपीस और आधुनिक उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

विश्वकर्मा योजना से मिलेगा लोन और सहायता

अनूप प्रजापति ने कहा कि सरकार की ओर से जरूरतमंद कुम्हारों को अनुदान के तहत चाक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती रही हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और MSME के माध्यम से भी आर्थिक सहायता और लोन की सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है। अनूप प्रजापति के अनुसार, कुम्हार समाज के सामने सबसे बड़ी समस्या मिट्टी की बढ़ती कीमत और उसकी उपलब्धता को लेकर है। यदि उचित कीमत पर मिट्टी उपलब्ध हो और सोलर सिस्टम जैसी सुविधाएं दी जाएं तो उत्पादन लागत कम करके आमदनी बढ़ाई जा सकती है।

मेलों में लगेगी माटी कला की स्टॉल

मिट्टी के बर्तनों को फिर से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए बोर्ड की ओर से प्रचार-प्रसार और मेलों के आयोजन पर भी जोर दिया जा रहा है। गीता महोत्सव में माटी कला से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि सूरजकुंड मेले में भी मिट्टी के बर्तनों की स्टॉल लगाने की तैयारी है। बोर्ड का प्रयास है कि सरकारी कार्यक्रमों और मेलों में मिट्टी से बने उत्पादों का अधिक से अधिक इस्तेमाल हो, जिससे कुम्हारों को सीधा बाजार मिल सके।

बोर्ड से जुड़ने पर मिलेगा सरकारी बाजार

अनूप प्रजापति ने कुम्हार समाज के लोगों से अपील की कि वे अपनी फर्म का रजिस्ट्रेशन करवाकर माटी कला बोर्ड से जुड़ें। इससे उनके उत्पादों की खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने और सरकारी आयोजनों में उन्हें बाजार उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। अब देखना होगा कि बोर्ड की ये योजनाएं जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं और पारंपरिक माटी कला को आधुनिक बाजार में कितनी मजबूती मिलती है।

अन्य खबरें जानें –

Yamunanagar में गन्ना रेट पर किसानों का फूटा गुस्सा, किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकाला, 2 दिसंबर को CM आवास पर विरोध प्रदर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *