फरीदाबाद, 29 जुलाई
फरीदाबाद के तीन नंबर इलाके में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने महिला पुलिस के साथ एक स्पा सेंटर और होटल में संयुक्त छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस को लंबे समय से यहां संदिग्ध और अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान ACP NIT अर्जुन भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन नंबर क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर और उससे जुड़े होटल में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर ACP NIT अर्जुन के नेतृत्व में महिला पुलिस को साथ लेकर संयुक्त छापेमारी की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया, जिन्हें पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
एसीपी अर्जुन ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस स्पा सेंटर और होटल के संचालन से जुड़े लाइसेंस, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हैं या नहीं। साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अन्य खबरें जानें –
KAITHAL में 3 नशा तस्करों के मकानों पर चला प्रशासन का बुलडोजर ,भारी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात



