बरनाला, 5 सितंबर
बरनाला में नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया गया है। अनाज मंडी रोड के नजदीक स्थित एक खाली प्लॉट, जहां काफी समय से झाड़ियां और घनी घास उगी हुई थी और स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां नशे से जुड़ी गतिविधियां होती थीं। पुलिस प्रशासन की ओर से इसकी सफाई करवाई गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस जगह के कारण आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उनका आरोप है कि सुनसान और झाड़ियों से घिरे इस प्लॉट का कुछ लोग गलत गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करते थे, मोहल्ला निवासियों ने भी पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस जगह पर दिन-रात नशे से जुड़ी गतिविधियां होने के कारण आसपास के परिवार काफी परेशान थे। सफाई के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि इस जगह का गलत इस्तेमाल बंद होगा और इलाके में नशे पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस के मुताबिक, जब भी इलाके में कार्रवाई या चेकिंग की जाती थी, तो कुछ लोग इस जगह का फायदा उठाकर यहां छिप जाते थे। पुलिस की ओर से पहले भी यहां से कुछ सामान बरामद किया गया है और अब प्लॉट की सफाई करवाकर ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने आसपास के लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके इलाके में ऐसे खाली प्लॉट हैं, जहां घास-फूस या झाड़ियां अधिक हैं और उनका गलत इस्तेमाल हो सकता है, तो उनकी सफाई करवाई जाए। प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर संबंधित प्लॉट मालिकों से तालमेल करके भी सफाई करवाई जाएगी, ताकि नशे से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने में मदद मिल सके।
अन्य खबरें जानें –


