ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने सोनीपत में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान, सर्जिकल स्ट्राइक, धारा 370 और बालकोट एयर स्ट्राइक को लेकर दिए गए बयानों पर कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब हम इन उपलब्धियों का ज्रिक करते हैं, तो कांग्रेस के पेट में जरूर दर्द होता है, लेकिन अब जनता भी समझ गई है कि इनकी ये बीमारी लाइलाज है।
पीएम ने कहा कि हम स्वच्छ भारत की बात करते हैं, तो कांग्रेस के पेट में मरोड़ उठती है। वहीं, हम सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं, तो कांग्रेस के पेट में इतना दर्द होता है कि पूछो मत और बालाकोट की बात करते हैं, तो दर्द इतना बढ़ जाता है कि ये छटपटाने लगते हैं। जनता को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कश्मीर पर जो भी कांग्रेस की तरफ से बयान आए हैं, उसका फायदा पाकिस्तान उठा रहा है। कांग्रेसियों को जवाब देना चाहिए कि वो ऐसे- कैसे बोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के झूठे वायदे और उनकी कही बातों को पकड़कर आज पाकिस्तान इनके बयानों का प्रयोग कर रहा है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस की जो टोली धारा-370 को हटाने के मुखर विरोधी है, वही टोली हरियाणा में कांग्रेस को चुनाव लड़ा रही है। ये हरियाणा के शहीदों और वीरों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा के शहीदों का अपमान किया है। कांग्रेस ने उन दलितों की भावना का भी ख्याल नहीं रखा, जो 70 साल से जम्मू-कश्मीर में अपने अधिकारों से वंचित थे। उनकी चार-चार पीढ़ियां धारा 370 के कारण अपने अधिकारों से वंचित रही है। भाजपा ने धारा-370 हटाकर ऐसे वंचित दलितों को उनके अधिकार दिलाये हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा लोकतंत्र में जनता जर्नादन ही ईश्वर का रूप होती हैं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने जनता को दरकिनार करते हुए अपने आपको ही ईश्वर मान लिया। लोकसभा चुनाव में जनता ने उनको बाहर का रास्ता दिखाकर उनकी औकात बता दी। मोदी ने उमड़े जनसैलाब के सामने आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव से भी बुरा हाल इस विधानसभा चुनाव में आपने उन लोगों का करना है जो राष्ट्रहित के खिलाफ सोचते हैं।
मनोहर सरकार की पीठ थपथपाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा भाजपा सरकार ने पारदर्शी और ईमानदारी से काम किया है। 2014 से पहले यहां पर्ची और खर्ची का कांग्रेस कल्चर चलता था उसे अब मनोहर सरकार ने हरियाणा से विदाई करा दी है। हमारे युवाओं को बगैर किसी सिफारिश व जी हुजुरी के नौकरी पा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सोनीपत का सूरत से सम्बन्ध जोड़ते हुए कहा कि सूरत में सोनीपत के लोग काफी तादाद में उद्योग के क्षेत्र में काम करते है। उन्होंने सोनीपत रेल कोच फैक्ट्री का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। पीएम ने कहा कि मैट्रो का विस्तार सोनीपत तक होगा, इसपर काम चल रहा है।




