PM Modi goes on jungle safari: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस समय गुजरात के दौरे पर हैं. उन्होंने विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर सोमवार सुबह जूनागढ़ जिले के गिर वन्यजीव अभयारण्य में जंगल सफारी का आनंद लिया. पीएम मोदी ने जंगल सफारी के दौरान एशियाई शेरों की तस्वीरें लीं जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
रविवार शाम को उन्होंने सोमनाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा की. प्रधानमंत्री कुछ मंत्रियों और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ‘सिंह सदन’ से जंगल सफारी पर गए. प्रधानमंत्री गिर वन्यजीव अभयारण्य के मुख्यालय सासन गिर में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की सातवीं बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे.
पीएम मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर गिर जंगल सफारी की कुछ तस्वीरें शेयर की और लिखा कि एशियाई शेरों का ये अभयारण्य हमेशा से उनके लिए खास रहा है. उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए संरक्षण प्रयासों को याद करते हुए बताया कि सामूहिक प्रयासों से शेरों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
बता दें कि केंद्र सरकार ने एशियाई शेरों के संरक्षण के लिए ‘प्रोजेक्ट लॉयन’ के तहत 2,900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है. इन शेरों का एकमात्र निवास स्थान गुजरात है.
इसके अलावा, एक राष्ट्रीय परियोजना के तहत जूनागढ़ जिले के न्यू पिपल्या में 20.24 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर वन्यजीवों के चिकित्सीय निदान एवं रोग से बचाव के लिए एक ‘राष्ट्रीय रेफरल केंद्र’ स्थापित किया जा रहा है.
पीएम मोदी ने रविवार को रिलायंस जामनगर रिफाइनरी परिसर में स्थित पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र ‘वनतारा’ का भी दौरा किया.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live








