ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पंजाब के मलोट में बीजेपी और अकाली दल की ओर से आयोजित की गई किसान कल्याण रैली में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी शिरकत की। पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले सीएम मनोहर लाल ने रैली को संबोधित किया। इस दौरान जहां सीएम ने केंद्र की योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का भी खुलकर जिक्र किया।
केंद्र सरकार की ओर से खरीफ की फसलों पर एमएसपी बढ़ाए जाने को लेकर जहां विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। वहीं, अब बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने जनता के बीच इसकी सच्चाई को बताना शुरू कर दिया है। इसी के तहत पंजब के मलोट में बीजेपी और अकाली दल की ओर से किसान कल्याण रैली का आयोजन किया गया। रैली में जहां पीएम नरेंद्र मोदी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी रैली में शामिल होकर अपनी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
पीएम मोदी और पंजाब के पूर्व सीएम के समक्ष हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने अपनी सरकार की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही सीएम ने योजनाएं गिनाने के साथ पूर्व की काग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। मनोहर लाल ने कहा कि पहले की सरकारों ने किसानों को केवल 300 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया, जबकि उनकी सरकार ने साढ़े तीन साल में 3 हजार करोड़ का मुआवजा दिया है।
मनोहर लाल ने पीएम के सामने पानी के मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए। मनोहर लाल ने कहा कि आज हर राज्य में पानी का संकट बना हुआ है। इसके लिए उन्होंने पंजाब के सीएम को पत्र लिखकर पाकिस्तान जाने वाले रावी के पानी को रोकने की मांग की थी। इसके अलावा हरियाणा सरकार ने सूबे की 300 सूखी टेल पर भी पानी पहुंचाने का काम किया है। मनोहर लाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने यहां तक कहा कि पहले यूरिया के लिए लाइनें लगानी पड़ी थी, लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं है, क्योंकि किसान खुशहाल होगा, तभी देश खुशहाल होगा पंजाब में हुई किसान कल्याण रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों के किसानों की चर्चा की।
इसके साथ ही पीएम ने मछली, मधुमक्खी पालन और दूध उत्पादन पर भी जोर देने को कहा। किसानों को लेकर सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में आज भी ज्यादातर किसानों को जानकारी नहीं है। यहीं कारण है कि आज भी कर्ज को बोझ तले दबा किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। सरकार को अपनी लागू की गई योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाना होगा। उसके बाद ही देश का किसान सही मायने में खुशहाल हो पाएगा।




