न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : दीपावली पर होने वाले प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए तमाम कोशिशें की गई। दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे की बिक्री और चलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। जबकि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने भी पटाखा चलाने के लिए शाम 6.30 से रात 9.30 बजे तक का वक्त निर्धारित कर दिया था। बावजूद अदालत के आदेश की जमकर अवहेलना की गई। लोगों ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर पंजाब और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में जमकर आतिशबाजी की। किसी को अदालत के आदेश की जरा भी फिक्र नहीं रही।
पंजाब-हरियाणा में रात 9.30 के बाद भी आतिशबाजी
भले ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने दीपावली पर आतिशबाजी का समय शाम 6.30 से रात 9.30 बजे तक निर्धारित कर रखा था, लेकिन लोगों को अदालत के आदेश से जरा भी मतलब नहीं रहा। दीपावली को लेकर जारी पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (Punjab Pollution Control Board : PPCB) की रिपोर्ट में AQI (Air Quality lndex) को बहुत खराब की श्रेणी में रखा है। बोर्ड की मानें तो दीपावली में हुई आतिशबाजी के कारण हवा में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंचने की संभावना है। कहने का मतलब है कि रात 8 से सुबह 2 बजे तक पिछले साल यह स्तर 497 (Micrograms Per Cubic Metre) था, जो इस साल बढ़कर 500 तक पहुंचने का अनुमान है।
SAFAR की प्रदूषण रिपोर्ट में मिले चौंकाने वाले नतीजे
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिगं एंड रिसर्च (SAFAR : System of Air Quality and Weather Forecasting And Research) ने आतिशबाजी के बाद हवा में घुले जहर की जानकारी जुटाई तो काफी भयावह परिणाम मिले। SAFAR की रिपोर्ट के मुताबिक दीपावली की रात 11 से सुबह 3 बजे तक हवा में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा खतरनाक रहा। हालांकि रिपोर्ट में इस बात के संकेत भी मिले हैं कि दिल्ली में आतिशबाजी के बाद प्रदूषण के स्तर में पिछले साल की तुलना में कमी आई है, लेकिन स्थिति संतोषजनक नहीं है।
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में भी स्थिति काफी खतरनाक
SAFAR की रिपोर्ट से साफ है कि दिल्ली में गुरूवार की रात AQI काफी खराब स्थिति में थी। जबकि साल इसी अवधि में AQI का स्तर खतरनाक था। मुंबई में भी प्रदूषण का स्तर खराब कैटेगरी में था। मुंबई में इसका कारण आतिशबाजी और मौसम में परिवर्तन को बताया गया। हालांकि उम्मीद जताई गई है कि मुंबई में रविवार के बाद हवा में प्रदूषण का स्तर काफी हद तक सुधर जाएगा। चेन्नई में भी दीपावली के अवसर पर हुई आतिशबाजी से हुए प्रदूषण के कारण हवा को काफी खराब बताया गया। कोलकाता में भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।
