भिवानी, 1 सितंबर
भिवानी में राजस्व पटवारी और कानूनगो एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने साफ किया है कि उनका यह आंदोलन किसी वेतन वृद्धि या निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि सरकार द्वारा जबरन थोपे गए नए पोर्टल और डिजिटल क्रॉप सर्वे ऐप के विरोध में है।
पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य उपप्रधान विकास राठी का आरोप है कि नए पोर्टल में गंभीर तकनीकी खामियां हैं, जिसके चलते इंतकाल की प्रतियों में पक्षकारों के नाम तक सही दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। इसके साथ ही प्रत्येक एकड़ में जाकर भौतिक रूप से फोटो अपलोड करने का नियम पूरी तरह अव्यावहारिक है, क्योंकि खेतों में खड़ी बड़ी फसलों के बीच जहरीले जीवों और कीटनाशकों का भारी जोखिम बना रहता है।
हड़ताल के चलते आम जनता के राजस्व से जुड़े तमाम जरूरी काम पूरी तरह ठप हो गए हैं और सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उच्च अधिकारियों द्वारा किए गए फील्ड निरीक्षण में भी यह कार्यप्रणाली अव्यावहारिक साबित हो चुकी है, इसके बावजूद उन पर गैर-जरूरी दबाव बनाया जा रहा है।
इस आंदोलन को अब सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने भी अपना खुला समर्थन दे दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सरकार इस तानाशाही रवैये को छोडक़र कर्मचारियों के साथ तुरंत बातचीत करे। यदि सरकार ने जल्द ही इन तकनीकी खामियों को दूर कर लिखित में ठोस समाधान नहीं निकाला, तो इस आंदोलन को राज्य स्तर पर और उग्र किया जाएगा।
अन्य खबरें जानें –



