Haryana: पंचकूला के कालका में सोमवार सुबह एक ब्लास्ट हो गया. यह कालका स्थित हाउसिंग बोर्ड में बस स्टैंड के पास बाजार में फास्ट फूड की दुकान में धमाका हुआ. धमाका इतनी जोरदार थी कि दुकान का शटर टूटकर सड़क पर जा गिरा. दुकान की एक दीवार टूट गई जिससे दुकान के पास खड़ी गाड़ी, बाइक और स्कूटी पर मलबा गिरा. धमाके के दौरान दुकान बंद थी, जिसके चलते कोई जानी नुकसान नहीं हुआ.
फिलहाल धमाके का कारणों की जानकारी नहीं-
जानकारी के अनुसार विश्वास मंगला उक्त किराए की दुकान में फास्ट फूड का काम करता है. घटना में दुकान की दीवार टूट कर साथ लगते घर अंदर खड़ी दो कारों के ऊपर जा गिरी, दीवार गिरने से कारों को काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं घर में खड़ी एक बाइक भी दीवार के नीचे दब गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. सीन ऑफ क्राइम टीम भी मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा कर रही है. हालांकि अभी तक ब्लास्ट का कारण पता लग नहीं पाया है.
प्रत्यक्षदर्शियों और मालिक की जुबानी-
बाजार में उपस्थित लोगों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दुकान में जोरदार धमाका हुआ और दुकान का शटर तकरीबन सौ मीटर दूर जा गिरा. धमाके की आवाज से पूरा बाजार सहम गया. दुकान के आसपास मौजूद लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं सके कि आखिर हुआ क्या? पुलिस दुकान के मालिक विश्वास मंगला से पूछताछ में जुटी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पता लगा कि पुलिसकर्मियों ने दुकान मालिक से पूछताछ के बाद दुकान के अंदर जाकर जांच की. लेकिन वहां रखे गैस सिलेंडर, रेफ्रिजरेटर और अन्य मोटर संबंधी सभी उपकरण ठीक मिले हैं. पुलिस आसपास के दुकानदारों और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
पुलिस कर रही जांच:
एक्सप्लोसिव निरोधक दस्ता के विशेषज्ञ यह पता लगाने के प्रयास में जुटे हैं कि धमाका किस प्रकार की विस्फोटक सामग्री से हुआ. इस संबंध में फिलहाल जांच की जा रही है. स्पष्ट कारणों और विस्फोटक सामग्री का पता नहीं चल सका है. धमाके के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें आसपास की दुकानों व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज भी खंगाल रही है. धमाके से पहले की कुछ घंटों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके. बहरहाल, विभिन्न पहलुओं के मद्देनजर पुलिस की पड़ताल जारी है.
खबरों के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



