न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : चीन में सोमवार को नौवें BRICS (Brazil, Russia, India, China & South Africa) सम्मेलन में भाग लेने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग ने स्वागत किया। BRICS में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का पक्ष जोरदार तरीके से रखा। PM मोदी ने कहा कि हमारे एकजुट रहने पर ही शांति और विकास संभव होगा। PM मोदी ने आतंकवाद को मुख्य मुद्दा बताते हुए इसे समाप्त करने के लिए सभी को एकजुट होने का आह्वान किया।
PM मोदी ने कहा कि आतंकवाद तो मुख्य मुद्दा है, लेकिन गरीबी को हटाना, स्वास्थ्य, सफाई, शिक्षा के क्षेत्र में भी कई पहल करना होगा। PM मोदी ने कहा कि कालेधन के खिलाफ भारत ने अभूतपूर्व कदम उठाया है, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। BRICS देश सोलर एनर्जी पर काम कर सकते हैं, इसके लिए एकजुटता से पहल करनी होगी। वहीं चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों का हल करने में हमारी भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता है। सभी पांच देश विकास के मामले में एक-दूसरे से कमतर नहीं हैं।
BRICS सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा और ब्राजील के राष्ट्रपति माइकल टेमर का भी स्वागत किया गया। आपको बता दें कि रविवार को BRICS बिजनेस फोरम का उद्घाटन किया गया था। जिसमें भाग लेते हुए चिनफिंग ने भौगोलिक और राजनीतिक मुद्दों को सुलझाने के लिए सामूहिक योगदान देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि आतंकवाद के खिलाफ हम जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसमें सभी को अपना योगदान देना होगा, तभी आतंकवाद को खत्म किया जा सकता है।
