न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : दीपावली की खरीदारी के लिए ई-कॉमर्स साइट्स ने ऑफर्स की बौछार कर दी। खरीदारों का मूड भांपते हुए कैशबैक, डिस्काउंट से लेकर तमाम कोशिशें की गई, लेकिन उम्मीद के मुताबिक खरीदार नहीं पहुंचे। रौशनी के त्योहार दीपावली पर ऑनलाइन मार्केट पर मंदी का अंधेरा देखने को मिला। आपको हम पांच कारण बता रहे हैं जिसने ऑनलाइन मार्केट के धंधे को रौशनी के त्योहार में भी मंदा कर दिया।
- नोटबंदी के जूझता मिडिल क्लास।
- दीपावली के महीने के बीच में आना।
- GST को लेकर मार्केट में जारी कंफ्यूजन।
- डिजिटल ट्रांजैक्शन पर भरोसा नहीं करना। कत
- सोना और बर्तन के खरीदारी की परंपरा।
अब हम आपको एक सर्वे के हवाले से बता रहे हैं कि आखिर पिछले साल की तुलना में इस बार दीपावली में ऑनलाइन शॉपिंग का ट्रेंड ठंडा क्यों रहा। दरअसल, इनशॉर्टस और Ipsos के सर्वे में शामिल 40 प्रतिशत लोगों ने पिछले साल की तुलना में कम खर्चे का फैसला लिया है।
भले ही केंद्र सरकार कह रही हो कि नोटबंदी से देश उबर गया है। लेकिन फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग को नोटबंदी का शिकार होना पड़ा। नतीजा खरीदारी में पिछले साल की तुलना में अप्रत्याशित कमी देखी गई। और इसका खामियाजा ई-कॉमर्स साइट्स को उठाना पड़ा।
Confederation of All India Traders (CAIT) की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि करीब 40 प्रतिशत लोग कैश शॉर्टेज के कारण शॉपिंग करने ना तो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और ना ही दुकानों में। बस लोगों ने खरीदारी के नाम पर रस्म-अदाएगी कर दी।
जीएसटी (Goods & Services Tax) की पेंचीदगी से अभी तक खरीदार उबर नहीं पाए हैं, जिस कारण ऑनलाइन बिक्री में कमी दर्ज की गई है। हालांकि कंपनियां तरह-तरह के ऑफर्स तो दे रही हैं, बावजूद खरीदारों में पिछले साल की तुलना में उत्साह नहीं रहा।
पिछले साल की तुलना में डिजिटल ट्रांजैक्शन में 50 फीसदी का इजाफा हुआ है, बावजूद ऑनलाइन मार्केट में उम्मीद के अनुरूप खरीदारी नहीं हुई है। करीब 36 प्रतिशत लोगों ने बताया कि वो ऑनलाइन शॉपिंग की जगह कपड़े, घरेलू सामान और मिठाईयां खरीदना पसंद करेंगे।
खरीदारी करने के पहले लोग किस तरह के ऑफर्स दिए जा रहे हैं, इस पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। मतलब साफ है कि अब खरीदारी को लेकर ट्रेंड बदलता जा रहा है, कंपनियां ऑफर्स के माध्यम से यूथ को टारगेट करने में भी सफल नहीं हो पा रही है।
दीपावली पर करीब 50 प्रतिशत लोगों ने सोने की खरीदारी को ऑनलाइन मार्केटिंग से ज्यादा तरजीह दी है। हालांकि ज्यादा संख्या में लोग ऑनलाइन साइट्स की जगह ज्वेलरी दुकान से खरीदारी करने पहुंचे और कंपनियां ऑफर्स का झुनझुना बजाती रह गई।


