न्यूज डेस्क/ लिविंग इंडिया : जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तान सीमा की तरफ से हुई गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। शहीद कांस्टेबल विजेंद्र बहादुर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास अरनिया सेक्टर में अग्रिम चौकी पर तैनात था। गुरूवार की देर रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार दागे और गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान विजेंद्र को गोली लग गई।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि एक गोली जवान के बाईं तरफ पेट पर लगी और अस्पताल ले जाते हुए उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ‘‘बीएसएफ के जवानों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुहंतोड़ जवाब दिया। आधी रात से सुबह तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलियां चलती रही।’’ कांस्टेबल बहादुर (32 वर्ष) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के विद्या भवन नारायणपुर गांव के निवासी थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी सुष्मिता सिंह हैं। पिछले तीन दिनों से पाकिस्तान की ओर से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है। गुरुवार को बीएसएफ की ओर से की कई जवाबी कार्रवाई में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे।

