भिवानी, 1 अक्तूबर
भिवानी में स्थानीय महम गेट स्थित हरियाणा शेखावाटी ब्रह्मचर्याश्रम समिति की नवगठित कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन होने के बाद समाज में एक नई ऊर्जा, उमंग और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सर्वसम्मति से हुए इस चुनाव ने सामाजिक एकजुटता और सौहार्द का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। इसी कड़ी में आश्रम परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहरभर से पहुंचे समाजसेवियों, विभिन्न वार्डों के पार्षदों और गणमान्य नागरिकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर व पारंपरिक पगड़ी बांधकर जोरदार नागरिक अभिनंदन किया।
संस्था में 11 सदस्य पदाधिकारी
बता दे कि संस्था की इस नई 11 सदस्यीय कार्यकारिणी में 5 मुख्य पदाधिकारी और 6 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। इस मौके पर अध्यक्ष महेश दत्त को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष प्रदीप शास्त्री, सचिव जयप्रकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, सदस्य जगत नारायण शर्मा, संयुक्त सचिव सत्यनारायण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया। समारोह में मुख्य पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा का भी विशेष रूप से नागरिक सम्मान किया गया।
संस्था में निर्विरोध हुआ चयन
इस मौके पर पार्षदों ने कहा कि संस्था में निर्विरोध चयन होना समाज के प्रबुद्ध लोगों के अगाध विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उन्हे पूरा विश्वास है कि आश्रम के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रचार-प्रसार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना ही नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य रहेगा। संस्था के सभी कार्यों को पूरी पारदर्शिता और सामाजिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ाएंगे। सर्वसम्मति से बनी यह ऊर्जावान टीम आश्रम की प्रगति और समाज कल्याण के कार्यों को नए शिखरों पर ले जाएगी।
अन्य खबरें जानें –



